
नई दिल्ली : (New Delhi) फैबहोटल्स की मूल कंपनी ट्रैवलस्टैक टेक लिमिटेड को आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (Initial Public Offering) (IPO) के लिए पूंजी बाजार नियामक भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (Securities and Exchange Board of India) (SEBI) से आखिरी मंजूरी मिल गई है। कंपनी ने 17 दिसंबर, 2025 को सेबी के समक्ष अपने आईपी के लिए डॉफ्ट दस्तावेज जमा किए थे।
सेबी के अनुसार ट्रैवलस्टैक टेक के प्रस्तावित आईपीओ में 250 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी किए जाएंगे। इसके साथ प्रवर्तकों एवं अन्य शेयरधारकों द्वारा 2,68,52,969 शेयरों तक की बिक्री पेशकश (Offer for Sale) (OFS) भी इसमें शामिल है। इसमें शेयर बेचने वाले प्रमुख निवेशक अनुपम मित्तल, एक्सेल इंडिया IV (Mauritius) लिमिटेड, ग्लोबल प्राइवेट ऑपर्च्युनिटीज पार्टनर्स II एल पी, ग्लोबल प्राइवेट ऑपर्च्युनिटीज पार्टनर्स II ऑफशोर होल्डिंग्स एल पी, पैंथेरा ग्रोथ फंड II वीसीसी, पीजीपी इंडिया ग्रोथ फंड I, पैंथेरा ग्रोथ II, एक्सटीओ10एक्स मॉरीशस प्राइवेट लिमिटेड और क्वालकॉम एशिया पैसिफिक प्राइवेट लिमिटेड हैं।
ट्रैवलस्टैक टेक लिमिटेड (Travelstack Tech Limited) नए इश्यू से मिलने वाली 135 करोड़ रुपये की रकम का इस्तेमाल कंपनी की कार्यशील पूंजी की जरूरतों को आंशिक रूप से पूरा करने के लिए करेगी। इसके अलावा 45 करोड़ रुपये का इस्तेमाल कंपनी द्वारा लिए गए कुछ कर्ज़ों की पूरी या आंशिक चुकौती और/या पूर्व-भुगतान के लिए, और सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए किया जाएगा।
ट्रैवलस्टैक टेक लिमिटेड (formerly Casa2 Stays) फैब होटल्स की मूल कंपनी है, जो भारत में 474+ उद्यम ग्राहकों को ट्रैवलप्लस एसएएएस प्लेटफॉर्म (TravelPlus SaaS platform) के जरिए होटल-केंद्रित कॉर्पोरेट यात्रा सेवाएं प्रदान करती है। ये प्लेटफ़ॉर्म एक प्रबंधित बाज़ार का संचालन करता है, जिसमें पूरे भारत में 25 हजार से अधिक सक्रिय होटल शामिल हैं।


