spot_img

New Delhi : राष्ट्रपति ने एनटी रामाराव पर स्मारक सिक्का जारी किया

नई दिल्ली: (New Delhi) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को राष्ट्रपति भवन सांस्कृतिक केंद्र में स्वर्गीय एनटी रामाराव के शताब्दी वर्ष पर स्मारक सिक्का जारी किया।इस अवसर पर राष्ट्रपति ने कहा कि एनटी रामाराव ने तेलुगु फिल्मों के माध्यम से भारतीय सिनेमा और संस्कृति को समृद्ध किया है। उन्होंने अपने अभिनय से रामायण और महाभारत के प्रमुख पात्रों को सजीव बना दिया। उनके द्वारा निभाई गई भगवान राम और भगवान कृष्ण की भूमिकाएं इतनी जीवंत हो गईं कि लोग एनटीआर की पूजा करने लगे।

उन्होंने कहा कि एनटीआर ने अपने अभिनय के माध्यम से आम लोगों की पीड़ा को भी अभिव्यक्त किया। उन्होंने अपनी एक फिल्म ‘मनुशुलंता ओक्कटे’ अर्थात सभी मनुष्य समान हैं, के माध्यम से सामाजिक न्याय और समानता का संदेश फैलाया।राष्ट्रपति ने कहा कि एक लोक सेवक और एक जन नेता के रूप में एनटीआर की लोकप्रियता व्यापक थी। उन्होंने अपने असाधारण व्यक्तित्व और कड़ी मेहनत से भारतीय राजनीति में एक विशेष मुकाम हासिल किया। उन्होंने कई जनकल्याणकारी कार्यक्रम शुरू किये, जिन्हें आज भी याद किया जाता है।

राष्ट्रपति ने एनटीआर पर स्मारक सिक्का लाने के लिए भारत सरकार के वित्त मंत्रालय की सराहना की। उन्होंने कहा कि उनका अद्वितीय व्यक्तित्व हमेशा लोगों, खासकर तेलुगु भाषी लोगों के हृदय में अंकित रहेगा।

Explore our articles