
नई दिल्ली : (New Delhi) घरेलू शेयर बाजार में मंगलवार को अंबेडकर जयंती के कारण छुट्टी रहेगी। इस छुट्टी के कारण बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) (Bombay Stock Exchange (BSE) and the National Stock Exchange (NSE)) में कल कारोबार नहीं होगा। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज की तरह मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) में भी अंबेडकर जयंती की छुट्टी होने की वजह से पहले सत्र में यानी सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक कारोबार नहीं होगा। हालांकि एमसीएक्स में शाम पांच बजे से रात 11:55 बजे तक दूसरे सत्र में सामान्य कारोबार होगा।
स्टॉक एक्सचेंज द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार अंबेडकर जयंती की छुट्टी होने के कारण बीएसई में इक्विटी सेगमेंट, इक्विटी डेरिवेटिव सेगमेंट, करेंसी डेरिवेटिव्स सेगमेंट्स, न्यू डेट सेगमेंट- रिपोर्टिंग, सेटलमेंट एंड ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म (एनडीएस-आरएसटी), ट्राई पार्टी रेपो, इलेक्ट्रॉनिक गोल्ड रिसीप्ट्स (ईजीआर), कमोडिटी डेरिवेटिव्स सेगमेंट सभी के लिए ट्रेडिंग हॉलिडे रहेगा। इसी तरह एनएसई में भी इक्विटीज, इक्विटी डेरिवेटिव्स, कॉरपोरेट बॉन्ड्स, न्यू डेट सेगमेंट्स, निगोशिएटेड ट्रेड रिपोर्टिंग प्लेटफॉर्म, म्यूचुअल फंड्स, सिक्योरिटी लेंडिंग एंड बॉरोइंग स्कीम्स, करेंसी डेरिवेटिव्स, कमोडिटी डेरिवेटिव्स और इंट्रेस्ट रेट डेरिवेटिव्स सभी सेगमेंट्स में छुट्टी रहेगी।
स्टॉक मार्केट के हॉलिडे कैलेंडर के अनुसार अगले महीने मई के पहले दिन ही 01 मई को महाराष्ट्र दिवस के मौके पर मुंबई स्टॉक एक्सचेंज और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (BSE and NSE will observe a holiday) में छुट्टी रहेगी। उस दिन मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज में भी सुबह के सत्र में छुट्टी रहेगी। हालांकि शाम के सत्र में एमसीएक्स में सामान्य कारोबार होगा। 01 मई को शुक्रवार होने के कारण मई के पहले तीन दिन लगातार घरेलू शेयर बाजार बंद रहेगा। 01 मई को महाराष्ट्र दिवस की छुट्टी होने के बाद 02 और 03 मई को शनिवार और रविवार की साप्ताहिक छुट्टी रहेगी। 28 मई को बकरीद की वजह से स्टॉक मार्केट बंद रहेगा।
इस हॉलिडे कैलेंडर के मुताबिक मई के बाद जून के महीने में सिर्फ एक दिन 26 जून को मोहर्रम के कारण स्टॉक मार्केट में कारोबार नहीं होगा। इसके बाद जुलाई और अगस्त में स्टॉक मार्केट में साप्ताहिक छुट्टियों के अलावा और कोई छुट्टी नहीं होगी। सितंबर के महीने में 14 तारीख को गणेश चतुर्थी की छुट्टी होगी, जबकि अक्टूबर के महीने में 2 तारीख को महात्मा गांधी जयंती के कारण स्टॉक मार्केट में कोई कारोबार नहीं होगा।
इसी महीने 20 तारीख को स्टॉक मार्केट में दशहरा की छुट्टी होगी, जबकि 10 नवंबर को बलि प्रतिपदा के कारण स्टॉक मार्केट में छुट्टी रहेगी। नवंबर के महीने में 24 तारीख को श्री गुरु नानक देव गुरु परब की छुट्टी रहेगी। इसी तरह साल के आखिरी महीने दिसंबर में 25 तारीख को क्रिसमस की छुट्टी रहेगी।
इस साल स्वतंत्रता दिवस यानी 15 अगस्त शनिवार को रहने वाला है। इसी तरह दिवाली 08 नवंबर को रविवार के दिन होगी। शनिवार और रविवार होने की वजह से इन दोनों दिनों को स्टॉक मार्केट के हॉलिडे कैलेंडर में शामिल नहीं किया गया है। दिवाली के दिन रविवार होने के बावजूद स्टॉक मार्केट में मुहूर्त ट्रेडिंग होगी। हालांकि मुहूर्त ट्रेडिंग का समय बाद में घोषित किया जाएगा।


