
नई दिल्ली : (New Delhi) सर्राफा बाजार में हाजिर चांदी (silver prices in the bullion market) के भाव में मामूली गिरावट का रुख होने के बावजूद वायदा बाजार में चांदी के भाव में आज तेजी का रुख नजर आ रहा है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (Multi Commodity Exchange) (MCX) पर चांदी आज सुबह 11:30 बजे 5.82 प्रतिशत की तेजी के साथ 2,67,673 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर कारोबार कर रही थी।
दूसरी ओर, इंडियन बुलियन ज्वेलर्स एसोसिएशन (Indian Bullion Jewelers Association) (IBJA) ने आज के लिए .999 शुद्धता वाली चांदी का मानक मूल्य (standard price) 2,50,314 रुपये प्रति किलोग्राम तय किया है। आईबीजेए द्वारा आज के लिए तय किया गया मानक मूल्य पिछले सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन के मूल्य की तुलना में 2.26 प्रतिशत अधिक है। घरेलू बाजार की तरह ही अंतरराष्ट्रीय बाजार (international market) में कॉमेक्स पर भी स्पॉट सिल्वर का भाव आज 86.90 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर था। इस तरह अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी आज चांदी के मूल्य में करीब 5.65 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई है।
मार्केट एक्सपर्ट्स का कहना है कि अमेरिका में मजबूत नॉन-फार्म पेरोल डेटा और स्टेटिक इकोनॉमिक ग्रोथ (non-farm payroll data and stable economic growth) की वजह से अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में तत्काल कटौती करने की संभावना कम हो गई है। इस वजह से अमेरिकी डॉलर में मजबूती आई है और सोना, चांदी, प्लैटिनम तथा कॉपर जैसी मूल्यवान धातुओं की कीमत में उतार चढ़ाव बढ़ गया है। फिलहाल अंतरराष्ट्रीय बाजार में एक्टिव इन्वेस्टर्स की नजर फेडरल रिजर्व की बैठक के मिनट्स पर है। इससे ब्याज दरों की दिशा को लेकर स्पष्ट संकेत मिल सकते हैं। एक्सपर्ट्स का कहना है कि अमेरिकी फेडरल द्वारा तय ब्याज दरों के आधार पर ही अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना और चांदी की कीमत में होने वाले उतार-चढ़ाव की दिशा तय हो सकेगी।


