spot_img

New Delhi : डॉलर के मुकाबले 17 पैसे की मजबूती के साथ बंद हुआ रुपया

नई दिल्ली : (New Delhi) डॉलर इंडेक्स की कमजोरी और मुद्रा बाजार में डॉलर की आवक जारी रहने के कारण आज रुपया डॉलर की तुलना में 17 पैसे की मजबूती के साथ 85.26 (अस्थायी) के स्तर पर बंद हुआ। इसके पहले पिछले कारोबारी दिन बुधवार को भारतीय मुद्रा 85.43 रुपये प्रति डॉलर के स्तर पर बंद हुई थी। रुपये ने आज के कारोबार की शुरुआत कमजोरी के साथ की थी। पूरे दिन उतार चढ़ाव का सामना करने के बाद रुपये ने न केवल निचले स्तर से रिकवरी की, बल्कि डॉलर की तुलना में मजबूत स्थिति में पहुंच कर बंद हुआ।

भारतीय मुद्रा ने आज सुबह डॉलर के मुकाबले 15 पैसे की कमजोरी के साथ 85.58 रुपये के स्तर से कारोबार की शुरुआत की थी। दिन के कारोबार के दौरान डॉलर की मांग बढ़ने पर रुपया 24 पैसे फिसल कर 85.67 के स्तर तक भी आ गया था, लेकिन इसके बाद डॉलर की आवक बढ़ने पर रुपया 19 पैसा मजबूत होकर 85.24 के स्तर तक पहुंच गया। हालांकि बाद में शेयर बाजार में विदेशी निवेशकों की बिकवाली के कारण बढ़ी डॉलर की मांग के कारण रुपया ऊपरी स्तर से थोड़ा गिर कर 85.26 के स्तर पर बंद हुआ।

भारतीय मुद्रा रुपये ने डॉलर के साथ ही ज्यादातर दूसरी प्रमुख अंतरराष्ट्रीय मुद्राओं के मुकाबले भी मजबूती दिखाई। आज के कारोबार के बाद ब्रिटिश पौंड (जीबीपी) की तुलना में रुपया 36 पैसे की मजबूती के साथ 113.43 के स्तर पर पहुंच गया। इसी तरह यूरो की तुलना में रुपया आज 46 पैसे की मजबूती के साथ 97.07 के स्तर पर पहुंचने में सफल रहा।

Explore our articles