नई दिल्ली : (New Delhi) लोक निर्माण विभाग के मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा ने शनिवार को कस्तूरबा नगर विधानसभा में डिफेंस कॉलोनी स्थित रतनलाल सहदेव मार्ग पर पुलिया निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि पुलिया का निर्माण 7.30 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा। इसको 11 महीने के भीतर जनता को समर्पित कर दिया जाएगा।
पीडब्ल्यूडी मंत्री ने कहा कि यह सब डबल इंजन सरकार की ताकत के कारण संभव हुआ है। केंद्र और राज्य सरकार लोगों के कल्याण के लिए मिलकर काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य दिल्ली के हर कोने में विकास लाना है और यह परियोजना उसी प्रतिबद्धता का हिस्सा है। इस अवसर पर नई दिल्ली की सांसद बांसुरी स्वराज और स्थानीय विधायक नीरज बसोया मौजूद रहे।
पीडब्ल्यूडी मंत्री ने कहा कि यह लोगों की लंबे समय से मांग थी, जिसे पूरा करने का काम शुरू हो गया है। पुलिया का निर्माण 7.30 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा और 11 महीने के भीतर इसे जनता को समर्पित कर दिया जाएगा। पुलिया मुख्य नाले के ऊपर बनाई जाएगी जो 25 मीटर लंबी और 18 मीटर चौड़ी होगी।
बांसुरी स्वराज ने कहा कि 7.30 करोड़ की लागत से बनने वाली यह पुलिया अब क्षेत्रवासियों के लिए सुगम आवागमन और सुरक्षित यातायात का आधार बनेगी। यह निर्माण कार्य प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित दिल्ली के संकल्प की दिशा में वचनबद्धता से कार्यान्वयन का प्रमाण है।


