
नई दिल्ली : (New Delhi) पश्चिम एशिया में सीजफायर के विफल हो जाने की आशंका के कारण घरेलू शेयर बाजार (domestic stock market) में आज शुरुआती कारोबार के दौरान दबाव बना हुआ है। आज के कारोबार की शुरुआत भी कमजोरी के साथ हुई थी। बाजार खुलने के बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना कर सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों को सहारा देने की कोशिश की, लेकिन थोड़ी देर बाद ही बिकवाली का दबाव बन गया। बिकवाली होने की वजह से इन दोनों सूचकांकों की कमजोरी बढ़ती चली गई। पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 0.91 प्रतिशत और निफ्टी 0.62 प्रतिशत की कमजोरी के साथ कारोबार कर रहे थे।
शुरुआती 1 घंटे का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से हिंडाल्को इंडस्ट्रीज, मैक्स हेल्थकेयर, एनटीपीसी, बजाज ऑटो और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स के शेयर 2.92 प्रतिशत से लेकर 1.45 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, इंफोसिस, श्रीराम फाइनेंस, लार्सन एंड टूब्रो, इंटरग्लोब एवियशन और जियो फाइनेंशियल के शेयर 2.30 प्रतिशत से लेकर 1.43 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।
अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,767 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 1,060 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 1,707 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से सात शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर 23 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 18 शेयर हरे निशान में और 32 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।
बीएसई का सेंसेक्स (BSE Sensex) आज 243.57 अंक की कमजोरी के साथ 77,319.33 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होने के बाद खरीदारी के सपोर्ट से पहले 10 मिनट के कारोबार में ही यह सूचकांक ओपनिंग लेवल से करीब 110 अंक सुधर कर 77,429.33 अंक के स्तर तक पहुंच गया। इसके बाद बाजार में बिकवाली का दबाव बन गया, जिसके कारण इस सूचकांक की कमजोरी दोबारा बढ़ने लगी। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे सेंसेक्स 705.41 अंक फिसल कर 76,857.49 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
सेंसेक्स की तरह एनएसई के निफ्टी ने आज 88.30 अंक टूट कर 23,909.05 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही खरीदारों ने लिवाली का जोर बना कर इस सूचकांक को 23,990.75 अंक के स्तर तक पहुंचा दिया। इसके बाद बाजार पर बिकवाल हावी हो गए। बिकवाली के दबाव में इस सूचकांक की कमजोरी दोबारा बढ़ने लगी। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच शुरुआती एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे निफ्टी 149.20 अंक लुढ़क कर 23,848.15 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
इसके पहले पिछले कारोबारी दिन बुधवार को सेंसेक्स 2,946.32 अंक यानी 3.95 प्रतिशत की मजबूती के साथ 77,562.90 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 873.70 अंक यानी 3.78 प्रतिशत की उछाल के साथ 23,997.35 अंक के स्तर पर गुरुवार के कारोबार का अंत किया था।


