
नई दिल्ली : (New Delhi) ग्लोबल मार्केट (Global markets) से आज पॉजिटिव संकेत मिल रहे हैं। अमेरिकी बाजार पिछले सत्र के दौरान मजबूती के साथ हरे निशान में बंद हुए। हालांकि डाउ जॉन्स फ्यूचर्स (Dow Jones futures) आज गिरावट के साथ कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है। यूरोपीय बाजार में पिछले सत्र के दौरान लगातार बिकवाली का दबाव बना रहा। वहीं एशियाई बाजार में आज चौतरफा तेजी नजर आ रही है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (US President Donald Trump) द्वारा जल्द ही ईरान युद्ध खत्म करने की बात कहे जाने के कारण अमेरिकी बाजार में पिछले सत्र के दौरान उत्साह का माहौल नजर आया। एस एंड पी 500 इंडेक्स 0.83 प्रतिशत की मजबूती के साथ 6,795.95 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह नैस्डेक ने 308.27 अंक यानी 1.38 प्रतिशत उछल कर 22,695.95 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। हालांकि डाउ जॉन्स फ्यूचर्स आज फिलहाल 217.33 अंक यानी 0.46 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 47,523.47 अंक के स्तर पर कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है।
अमेरिकी बाजार के विपरीत यूरोपीय बाजार में पिछले सत्र के दौरान बिकवाली का दबाव बना रहा। एफटीएसई इंडेक्स (FTSE index) 0.34 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 10,249.52 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह सीएसी इंडेक्स ने 0.99 प्रतिशत की गिरावट के साथ 7,915.36 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। इसके अलावा डीएएक्स इंडेक्स 181.66 अंक यानी 0.78 प्रतिशत टूट कर 23,409.37 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
एशिया में आज चौतरफा खरीदारी होती हुई नजर आ रही है। एशिया के सभी नौ बाजार के सूचकांक मजबूती के साथ हरे निशान में कारोबार कर रहे हैं। गिफ्ट निफ्टी 183.50 अंक यानी 0.76 प्रतिशत की मजबूती के साथ 24,199 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह शंघाई कंपोजिट इंडेक्स (Shanghai Composite Index) 0.39 प्रतिशत उछल कर 4,112.62 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ है। कोस्पी इंडेक्स ने आज जोरदार चलांग लगाई है। फिलहाल यह सूचकांक 186.53 अंक यानी 3.55 प्रतिशत की बढ़त के साथ 5,438.40 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है।
इसी तरह निक्केई इंडेक्स 976.28 अंक यानी 1.85 प्रतिशत की तेजी के साथ 53,705 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ है। इसके अलावा ताइवान वेटेड इंडेक्स 519.69 अंक यानी 1.62 प्रतिशत की मजबूती के साथ 32,630.11 अंक के स्तर पर, स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स 1.58 प्रतिशत की बढ़त के साथ 4,831.79 अंक के स्तर पर, हैंग सेंग इंडेक्स 369.54 अंक यानी 1.45 प्रतिशत उछल कर 25,778 अंक के स्तर पर, जकार्ता कंपोजिट इंडेक्स (Jakarta Composite Index) 101.13 अंक यानी 1.38 प्रतिशत की छलांग लगा कर 7,438.50 अंक के स्तर पर और सेट कंपोजिट इंडेक्स 1.06 प्रतिशत की तेजी के साथ 1,397.69 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहे हैं।


