
नयी दिल्ली: (New Delhi) विभिन्न मुद्दों पर विपक्षी सदस्यों के हंगामे के कारण राज्यसभा की बैठक सोमवार को शुरू होने के कुछ ही देर बाद दोपहर दो बजे तक स्थगित कर दी गई। हंगामे की वजह से उच्च सदन (upper house due to uproar) में शून्यकाल और प्रश्नकाल नहीं हो पाया।
बैठक शुरू होने पर सभापति जगदीप धनखड़ ने आवश्यक दस्तावेज सदन के पटल पर रखवाना शुरू किया। इस बीच विपक्षी सदस्यों ने अडाणी समूह से जुड़े मुद्दे की जांच के लिए संयुक्त संसदीय समिति (JPC) गठित करने की मांग को लेकर नारेबाजी शुरू कर दी।
कुछ सदस्यों ने केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी से, कांग्रेस नेता राहुल गांधी को लेकर की गई उनकी टिप्पणी के लिए माफी की मांग को लेकर नारे लगाए। इस दौरान पुरी सदन में उपस्थित थे।
हंगामे के बीच ही सभापति ने दस्तावेज सदन के पटल पर रखवाए और बैठक को, शुरू होने के करीब तीन मिनट के भीतर ही दोपहर दो बजे तक स्थगित कर दिया।


