
नई दिल्ली : (New Delhi) वैश्विक रेटिंग एजेंसी मूडीज रेटिंग्स ने अगामी वित्त्त वर्ष 2026-27 में भारत के सकल घरेलू उत्पाद (Gross Domestic Product) (GDP) की वृद्धि दर 6.4 फीसदी रहने का अनुमान जताया है।
मूडीज रेटिंग्स ने सोमवार को जारी अपनी बैंकिंग प्रणाली परिदृश्य रिपोर्ट (banking system outlook report) में कहा कि भारत की जीडीपी 6.4 फीसदी की दर से अगले वित्त वर्ष 2026-27 में बढ़ेगी, जो जी-20 देशों में सबसे तेज गति होगी। एजेंसी ने कहा कि इसकी वजह मजबूत घरेलू खपत, पॉलिसी के कदम और एक स्थिर बैंकिंग सिस्टम हैं। रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि सूक्ष्म, लघु एवं मझोले उद्यमों (Micro, Small, and Medium Enterprises) (MSME) में कुछ दबाव देखने को मिल सकता है। इसके बावजूद बैंकों के पास ऋण नुकसान को झेलने के लिए पर्याप्त भंडार मौजूद है। यह घरेलू खपत में मजबूती, नीतिगत उपायों और स्थिर बैंकिंग प्रणाली के दम पर जी-20 अर्थव्यवस्थाओं में सबसे तेजी से बढ़ेगी।
रेटिंग एजेंसी मूडीज का यह अनुमान वित्त मंत्रालय की आर्थिक समीक्षा में वित्त वर्ष 2026-27 के लिए जताई गई 6.8-7.2 फीसदी आर्थिक वृद्धि दर की सीमा से कम है। आधिकारिक अनुमानों के अनुसार चालू वित्त वर्ष 2025-26 में भारत की जीडीपी वृद्धि दर 7.4 फीसदी रहने की संभावना है, जो 2024-25 में दर्ज 6.5 फीसदी से अधिक है।


