spot_img

New Delhi : पार्क में नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म

नई दिल्ली : बाहरी उत्तरी जिले के शाहबाद डेरी इलाके के खाली पड़े डीडीए के मैदान में मंगलवार सुबह शाहबाद डेरी इलाके के लड़कों ने नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म किया। पीड़िता के बयान पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर तीन नाबालिग समेत पांच आरोपितों को पकड़ा है, जबकि एक फरार चल रहा है। पुलिस ने उक्त मामले में पास खड़े होकर तमाशा देख रहे दो नाबालिगों को पकड़ा है। आरोपितों की पहचान शाहबाद डेरी के बॉबी व राहुल उर्फ छोटू के रूप में हुई है। पुलिस फरार चल रहे आरोपित को पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही है।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने गुरुवार को बताया कि 27 जून की सुबह नाबालिग अपने दोस्त के साथ सड़क किनारे डीडीए के खाली पड़े मैदान में गई थी। मैदान में कच्चे रास्ते से गुजर रहे आरोपितों ने नाबालिग व उसके दोस्त को आपत्तिजनक स्थिति में देखा। जब वह झाड़ियों में गए तो नाबालिग का दोस्त उसे झाड़ियों में ही छोड़कर भाग गया।

इसके बाद चार आरोपितों ने नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया व दो खड़े होकर देखते रहे। नाबालिग रोती-चिल्लाती रही लेकिन किसी ने उसकी मदद नहीं की। बाद में वह किसी तरह पुलिस चौकी पहुंची व आपबीती बताई।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि मंगलवार को उन्हें यौन उत्पीड़न की जानकारी मिली थी। पुलिस ने तुरंत पांचों आरोपितों की पहचान कर बॉबी व राहुल को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर एक नाबालिग को भी पकड़ लिया गया। उनके चौथे साथी को पकड़ने के लिए कई टीमें काम कर रही हैं। इसके अलावा पुलिस ने दो नाबालिगों को पाक्सो एक्ट में पकड़ा है।

Explore our articles