spot_img

New Delhi : अहमदाबाद में हाई प्रोफाइल चोरी का मुख्य आरोपित गिरफ्तार

नई दिल्ली : (New Delhi) दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने गुजरात के अहमदाबाद में हुई एक हाई-प्रोफाइल दिनदहाड़े चोरी के मुख्य आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से 7.50 लाख की सोने के आभूषण बरामद किए है। पकड‍़े गए आरोपित की पहचान गाजियाबाद के गगन विहार निवासी भरत उर्फ गोलू के के रूप में हुई है।

क्राइम ब्रांच के डीसीपी विक्रम सिंह ने बताया कि 26 अप्रैल को अहमदाबाद के नवरंगपुरा क्षेत्र में एक फ्लैट को निशाना बनाकर चोरों ने 30 लाख की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया था। इस मामले में अहमदाबाद के नवरंगपुरा थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने दो आरोपित चांद और संजीव को गिरफ्तार किया, लेकिन मुख्य आरोपित भरत फरार चल रहा था। डीसीपी ने बताया की भरत की गिरफ़्तारी के लिए ईस्ट रेंज-I की क्राइम ब्रांच टीम फरार बदमाशों की तलाश कर रही थी। टीम ने कॉल डिटेल रिकॉर्ड्स और सोशल मीडिया की निगरानी कर रही थी। इस बीच पुलिस काे गुप्त सूचना मिली कि फरार भरत हरियाणा के सोनीपत स्थित रेशम ढाबा में अपनी प्रेमिका ज्योति डबास के साथ भोजन कर रहा है। सूचना को पुख्ता कर पुलिस टीम ने उसे दबोचा।

शुरुआत में भरत ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। लेकिन सख्ती के बाद में उसने अपने अपराध को स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि वह अपने साथियों आरिफ उर्फ पहाड़ी, चांद और संजीव के साथ एक सफेद आई-10 कार से अहमदाबाद गया था। वहां एक बंद फ्लैट को निशाना बनाकर सोने और नकदी की चोरी की। बाद में सभी गाज़ियाबाद लौटे और चोरी का माल बांट लिया।

भरत ने यह भी खुलासा किया कि जैसे ही उसे चांद और संजीव की गिरफ्तारी की सूचना मिली। वह जगह-जगह ठिकाने बदलकर खुद को छिपाने लगा। भरत के खिलाफ दिल्ली और उप्र में चोरी, डकैती, हथियार और मादक पदार्थों के कई मामले दर्ज हैं। आरोपित भरत की गिरफ्तारी की जानकारी गुजरात पुलिस को दे दी गई है। आगे की पूछताछ और कानूनी कार्रवाई गुजरात पुलिस करेगी।

Explore our articles