spot_img

New Delhi : कोटक महिंद्रा बैंक की उप-प्रबंध निदेशक शांति एकंबरम अक्टूबर में होंगी सेवानिवृत्त

कार्यकारी निदेशक (ईडी) के पद के लिए पारितोश कश्यप की नियुक्ति का ऐलान

नई दिल्ली : (New Delhi) 3 निजी क्षेत्र के कोटक महिंद्रा बैंक की उप-प्रबंध निदेशक (एमडी) और बैंक के बोर्ड में निदेशक शांति एकंबरम कार्यकाल पूरा होने पर 31 अक्टूबर को अपने पद से सेवानिवृत्त हो जाएंगी। बैंक ने कार्यकारी निदेशक (ईडी) के पद के लिए पारितोश कश्यप को नियुक्त किया है।

बैंक ने शनिवार को शेयर बाजार को बताया कि थोक बैंकिंग समूह के अध्यक्ष और व्यवसाय प्रमुख परितोष कश्यप को नियामक अनुमोदन के अधीन पूर्णकालिक निदेशक (कार्यकारी निदेशक) और प्रमुख प्रबंधकीय कार्मिक के रूप में शांति एकंबरम की जगह नियुक्त किया जाएगा। इस बीच बैंक की उप-प्रबंध निदेशक (एमडी) शांति एकंबरम 31 अक्टूबर को वर्तमान कार्यकाल पूरा होने पर सेवानिवृत्त हो जाएंगी। बैंक ने बयान में कहा कि शांति एकंबरम ने समूह के कई रणनीतिक व्यवसायों का नेतृत्व किया है, जिनमें निवेश बैंकिंग, पूंजी बाजार, कॉर्पोरेट बैंकिंग, ट्रेजरी, 811 और उपभोक्ता बैंकिंग शामिल हैं।

बयान में बताया गया है कि एकंबरम 1991 से कोटक समूह के साथ जुड़ी हुई हैं और पिछले तीन दशकों में समूह के विकास और संस्था के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने उपभोक्ता बैंक, कॉर्पोरेट और निवेश बैंकिंग सहित कई व्यावसायिक इकाइयों की सफलतापूर्वक स्थापना की और उनका विस्तार किया। एकंबरम ने मई, 2022 से फरवरी, 2024 तक पूर्णकालिक निदेशक के रूप में कार्य किया और अप्रैल, 2014 से मई, 2022 तक कोटक महिंद्रा बैंक में उपभोक्ता बैंकिंग व्यवसाय का नेतृत्व किया।

Explore our articles