दिल्ली पुलिस ने चाइनीज मांझा के खिलाफ चलाया जबरदस्त अभियान
नई दिल्ली : राजधानी दिल्ली और एनसीआर में स्वतंत्रता दिवस पर 15 अगस्त को पतंग उड़ाने की पुरानी रिवायत चली आ रही है। इसके मद्देनजर हर साल लगने वाला पुरानी दिल्ली के लाल कुआं में पतंगों का बाजार फिर से सज गया है। दिल्ली-एनसीआर के अधिकतर लोग यहीं से पतंग की खरीदारी करते हैं। हालांकि, अभी इस बाजार में रौनक देखने को नहीं मिल रही है, लेकिन ऐसा माना जा रहा है कि आने वाले चंद दिनों में यहां ग्राहकों की बड़ी तादाद देखने को मिलेगी।
इस दौरान दिल्ली पुलिस के जरिए चाइनीज मांझा के खिलाफ जबरदस्त अभियान चलाया जा रहा है। चाइनीज मांझा की वजह से होने वाली दुर्घटनाओं में मौतों को रोकने के लिए दिल्ली पुलिस ने इस बार कमर कस ली है। पुलिस के जवान बाजार पर कड़ी निगाह रख रहे हैं।
राजधानी दिल्ली में आजादी के पर्व पर 15 अगस्त के दिन आसमान रंग-बिरंगी पतंगों से अटा पड़ा रहता है। इस दिन लाल किले की प्राचीर से स्वतंत्रता दिवस समारोह की समाप्ति के बाद ही लोग अपने घरों की छतों से पतंग उड़ाना शुरू कर देते हैं और यह सिलसिला देर शाम तक चलता रहता है। कुछ जगहों पर तो पतंगबाजी की प्रतियोगिता तक आयोजित की जाती है। शाम को सूर्यास्त के बाद आसमान आतिशबाजी देखने को मिलती है।
पतंगों की थोक और रिटेल खरीद-फरोख्त के लिए लाल कुआं बाजार काफी प्रसिद्ध है। इस बाजार में पतंगो और इससे जुड़ी वस्तुओं की थोक दुकानें अस्थाई तौर से लगाई जाती हैं। दिल्ली और एनसीआर के कई क्षेत्रों से लोग यहां पर पतंगों की खरीदारी करने के लिए आते हैं। इसके मद्देनजर लाल कुआं का बाजार अभी से सज गया है और बड़ी मात्रा में यहां पर दुकानों पर पतंग और मांझा वगैरह बिकना शुरू हो गया है।
इस दौरान दिल्ली पुलिस के थाना हौज काजी, थाना लाहौरी गेट, थाना सदर बाजार के जरिए खासतौर से लाल कुआं बाजार और सदर बाजार के पतंग बाजारों पर निगाह रखी जा रही है। पुलिस ने पतंग बाजार के जिम्मेदारों, आरडब्लूए, मार्केट एसोसिएशन के जिम्मेदारों के साथ बैठकों का सिलसिला शुरू किया है। इसके अलावा पोस्टर, बैनर आदि लगाकर चाइनीज मांझा के प्रतिबंधित होने और इसके खरीद-फरोख्त पर पूरी तरह से रोक लगाए जाने की बात कही जा रही है। लाउडस्पीकर के जरिए बाजारों में मुनादी भी कराई जा रही है, जिसमें चाइनीज मांझा प्रतिबंधित होने और इसकी खरीद-फरोख्त करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जानकारी दी जा रही है। अभी तक 149 बाज़ारों की चेकिंग की गई है। आईपीसी धारा 188 के तहत 28 मुकदमे पंजीकृत किए गए हैं और चाइनीज़ मांझे की सैकड़ों चरखियां जब्त की गई हैं।


