spot_img

New Delhi : किन्नर की हत्या की गुत्थी सुलझी, दो गिरफ्तार

नई दिल्ली : दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा की टीम ने प्रशांत विहार में किन्नर की चाकू घोंपकर हत्या के मामले में प्रेमी युगल (लिव-इन में रह रहे) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 29 जून की शाम जापानी पार्क, रोहिणी के पास एक ट्रांसजेंडर का शव मिला था। मृतक की पहचान नवीन उर्फ खुशी (26) के रूप में हुई थी, जो सुल्तानपुरी, दिल्ली का रहने वाला था।

अपराध शाखा की टीम ने जांच के दौरान इलाके के सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया, तब पता चला कि कुछ अज्ञात व्यक्ति नीले रंग की बलेनो कार में आए थे और शव को वहां फेंककर चले गए। कार की पहचान स्थानीय पुलिस ने कर ली थी, लेकिन हत्या करने वालों के बारे में कोई सुराग नहीं मिल सका था। इसके बाद अपराध शाखा के डीसीपी अंकित सिंह की देखरेख में सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया गया। टीम द्वारा बाइक सवार एक लड़के की संदिग्ध गतिविधि देखी गई। इसके बाद टीम ने जाल बिछाया और लिव इन पार्टनर को उसके घर से पकड़ लिया। आरोपियों की पहचान मयूर (29) और सीमा खान (30) के रूप में हुई है।

पूछताछ के दौरान आरोपितों ने खुलासा किया कि आरोपित की लिव इन पार्टनर और नवीन उर्फ खुशी दोनों बीएसए अस्पताल, रोहिणी, दिल्ली के पास सड़क किनारे अनैतिक कार्य में संलिप्त थे। नवीन सुल्तानपुरी का एक ट्रांसजेंडर था। उनके बीच आमतौर पर प्रतिस्पर्धा और ग्राहकों को लुभाने के दौरान पैसे को लेकर झगड़ा होता था। 29 जून को रात लगभग 01:30 बजे नवीन और आरोपित के बीच ग्राहकों को लेकर झगड़ा हुआ। इस दौरान नवीन ने उसके साथ मारपीट की और लिफ्ट लेकर बलेनो कार में सवार होकर मौके से फरार हो गई।

दूसरा आरोपी (बॉयफ्रेंड) अपनी मोटरसाइकिल पर घटना स्थल से 20-30 मीटर की दूरी पर खड़ा था। आरोपित लड़की बाइक पर बैठ गई और दोनों ने कार का पीछा किया।

उन्होंने बलेनो कार को ओवरटेक किया और वीर अपार्टमेंट, जापानी पार्क, रोहिणी के पास रोक लिया। आरोपित व्यक्ति कार की बाईं ओर की खिड़की के पास गया, जहां नवीन बैठा था। दोनों ने नवीन उर्फ खुशी को चाकू मार दिया और मौके से फरार हो गए। चाकू लगने के कारण पीड़ित ने दम तोड़ दिया। कार में शव देखकर बलेनो कार में सवार दोनों व्यक्ति घबरा गए और शव को गेट नंबर 3, जापानी पार्क के पास फेंक दिया। इसके बाद वे अपने-अपने घरों को लौट गए।

Explore our articles