
नई दिल्ली: (New Delhi) भारतीय राष्ट्रीय राइफल संघ (एनआईएआई) की शासी निकाय ने अध्यक्ष रणिंदर सिंह के लंबी छुट्टी पर जाने के बाद सर्वसम्मति से एनआरएआई के वरिष्ठ उपाध्यक्ष कलिकेश एन सिंह देव को अध्यक्ष पद का कार्यभार सौंप दिया है।रनिंदर के चुनाव और कार्यकाल का मामला दिल्ली उच्च न्यायालयों में विचाराधीन है। शासी निकाय की आभासी आपात बैठक में 35 सदस्यों में से 29 ने भाग लिया और बैठक लगभग 40 मिनट में समाप्त हो गया।
अपनी जिम्मेदारियों को स्वीकार करते हुए सिंह देव ने कहा, “मैं शासी निकाय द्वारा मुझे दी गई जिम्मेदारी और मुझ पर दिखाए गए विश्वास को विनम्रतापूर्वक स्वीकार करता हूं। हमारी तात्कालिक प्राथमिकता एशियाई खेलों और विश्व चैंपियनशिप जैसे महत्वपूर्ण आगामी आयोजनों के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना है। एनआरएआई की टीम और मैं भारत सरकार, खेल मंत्रालय, भारतीय खेल प्राधिकरण और अन्य सभी प्रमुख हितधारकों के साथ मिलकर काम करने की कोशिश करेंगे, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि हमारा खेल आगे चलकर देश के लिए और अधिक सम्मान लाए।”
गौरतलब है कि खेल मंत्रालय ने निर्देश जारी किया था कि राष्ट्रीय खेल महासंघों (एनएसएफ) के अध्यक्ष राष्ट्रीय खेल संहिता के अनुसार 12 साल से अधिक समय तक पद पर नहीं रह सकते हैं जिसके बाद रनिंदर अवकाश पर चले गए थे। उन्हें सितंबर 2021 में फिर से एनआरएआई का अध्यक्ष चुना गया था।मंत्रालय ने पिछले महीने बताया था कि रनिंदर ने अध्यक्ष के रूप में 29 दिसंबर, 2010 से 29 दिसंबर, 2022 तक 12 साल पूरे कर लिए थे और संहिता के अनुसार वह आगे एनआरएआई प्रमुख के पद पर नहीं रह सकते हैं।


