spot_img

New Delhi : जर्मन रक्षा मंत्री पिस्टोरियस के सामने हुआ भारतीय गेम-चेंजिंग तकनीकों का प्रदर्शन

रिसर्च एंड इनोवेशन पार्क में स्टार्ट-अप्स के एक कार्यक्रम में शामिल हुए पिस्टोरियस

वैश्विक उभरते प्रौद्योगिकी क्षेत्रों में सहयोग के अवसरों के बारे में जानकारी दी गई

नई दिल्ली : रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ द्विपक्षीय बैठक करने के बाद जर्मन संघीय रक्षा मंत्री बोरिस पिस्टोरियस ने मंगलवार को आईआईटी दिल्ली के रिसर्च एंड इनोवेशन पार्क में इनोवेशन फॉर डिफेंस एक्सीलेंस (आईडीईएक्स) स्टार्ट-अप्स के एक कार्यक्रम में भाग लिया। आईडीईएक्स और फाउंडेशन फॉर इनोवेशन एंड टेक्नोलॉजी ट्रांसफर (एफआईटीटी-आईआईटी) दिल्ली ने इस कार्यक्रम की सह-मेजबानी की।

इस कार्यक्रम में इनोवेशन फॉर डिफेंस एक्सीलेंस पर जर्मन संघीय रक्षा मंत्री को ब्रीफिंग दी गई, जिसके बाद ऑगमेंटेड रियलिटी, वर्चुअल रियलिटी, एनर्जी सिस्टम, स्मार्ट ड्रोन और एंटी-ड्रोन सिस्टम, स्पेस प्रोपल्शन सिस्टम और अन्य संबद्ध तकनीकों पर गेम-चेंजिंग तकनीकों का प्रदर्शन किया गया। अतिरिक्त सचिव (रक्षा उत्पादन) और सीईओ रक्षा नवाचार संगठन (डीआईओ) टी नटराजन ने जर्मन रक्षा मंत्री को आईडीईएक्स योजना के माध्यम से भारत के रक्षा नवाचार पारिस्थितिकी तंत्र के विकास और वैश्विक उभरते प्रौद्योगिकी क्षेत्रों में सहयोग के अवसरों के बारे में जानकारी दी।

जर्मन रक्षा मंत्री को दी गई जानकारी में उन मुद्दों पर फोकस किया गया, जिनमें रक्षा-औद्योगिक सहयोग, प्रौद्योगिकी साझेदारी, दीर्घकालिक अनुसंधान और विकास और आपूर्ति श्रृंखला सुरक्षा में सुधार की आवश्यकता शामिल है। भारत में सह-विकास और सह-उत्पादन को बढ़ावा देने पर भी ध्यान केंद्रित किया गया, जिसमें संभावित क्षेत्र और परियोजनाएं शामिल हैं, जहां भारतीय और जर्मन स्टार्टअप एक साथ काम कर सकते हैं।

Explore our articles