spot_img

New Delhi : हॉकी इंडिया ने डच कोच हरमन क्रूज़ को उच्च प्रदर्शन निदेशक नियुक्त किया

नई दिल्ली : (New Delhi) हॉकी इंडिया ने मंगलवार को नए हाई परफॉर्मेंस निदेशक के रूप में हरमन क्रूज़ (Herman Cruz) की नियुक्ति की घोषणा की। वह सितंबर 2024 तक यह पद संभालेंगे और कोच एजुकेशन पाथवे (Coach Education Pathway) सहित अन्य कार्यों के तहत हॉकी इंडिया के राष्ट्रीय जूनियर और सीनियर कार्यक्रमों की देखरेख करेंगे।

नीदरलैंड के रहने वाले क्रूज़ के पास दो दशकों से अधिक का कोचिंग अनुभव है, और उन्हें इसके पहले उनके संबंधित एफआईएच जूनियर विश्व कप की तैयारियों की देखरेख के लिए भारतीय पुरुष और महिला जूनियर हॉकी टीमों के कोच के रूप में नियुक्त किया गया था।एक कोच के रूप में, क्रूज़ डच क्लब डेन बॉश लेडीज़ के मुख्य कोच हैं और उन्होंने लगातार आठ बार टीम को यूरोपीय कप खिताब दिलाया। वह 2006 से 2008 तक नीदरलैंड की इनडोर महिला हॉकी टीम के मुख्य कोच भी थे और 2008 से 2010 तक नीदरलैंड टीम के मुख्य कोच भी थे।

अपने सबसे हालिया कार्यकाल में, वह 2016 से अगस्त 2023 तक बेलारूस की इनडोर और आउटडोर टीमों के मुख्य कोच थे। क्रूज़ एक प्रमाणित एफआईएच कोच-शिक्षक हैं।हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप टिर्की ने कहा, “हॉकी इंडिया को वरिष्ठ कोच हरमन क्रूज़ को हॉकी इंडिया के उच्च प्रदर्शन निदेशक के रूप में नियुक्त करते हुए खुशी हो रही है। वह जूनियर और सीनियर कार्यक्रमों सहित हॉकी इंडिया द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों की देखरेख करेंगे। मैं हरमन को इस नई भूमिका के लिए शुभकामनाएं देता हूं।”

उच्च प्रदर्शन निदेशक के रूप में नियुक्त होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए, क्रूज़ ने कहा, “मैं हॉकी इंडिया के साथ इस नए कार्यकाल का इंतजार कर रहा हूं। भारतीय टीमें इतिहास रचने की कगार पर हैं और मैं इस वर्ष के लिए टीमों और हॉकी इंडिया को उनके लक्ष्य हासिल करने में मदद करने के लिए अपनी विशेषज्ञता का उपयोग करने के लिए उत्सुक हूं।’

Explore our articles