
इंडिया ग्राउंड रिपोर्ट डेस्क
नागपुर:(Nagpur) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे(Maharashtra Chief Minister Eknath Shinde) ने विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर को निशाना बनाने के लिए शुक्रवार को विपक्ष की आलोचना की और कहा कि सदन की गरिमा बनायी रखी जाए।
शिंदे ने शीतकालीन सत्र के आखिरी दिन पत्रकारों से कहा कि अध्यक्ष ने कार्यवाही का संचालन बहुत अच्छे तरीके से किया।
मुख्यमंत्री ने नार्वेकर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की विपक्ष की मांग से संबंधित एक सवाल पर कहा, ‘‘वह विधायिका के नियमों और कानून से अच्छी तरह वाकिफ हैं…अध्यक्ष को पहले कभी इस तरह निशाना नहीं बनाया गया। इस तरीके से अध्यक्ष की आलोचना करना गलत है।’’
उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि सत्र के दौरान विपक्ष के सभी नेताओं ने कम से कम एक घंटे तक अपनी बात रखी। उन्होंने कहा, ‘‘अगर वे संतुष्ट नहीं हैं तो हम अगले सत्र में उन्हें और वक्त देंगे।’’
शिंदे और फडणवीस दोनों ने विधानसभा की कार्यवाही पर संतोष जताया। शिंदे ने कहा कि राज्य की दूसरी राजधानी नागपुर में दो साल बाद शीतकालीन सत्र बुलाया गया। अगर सरकार नहीं बदलती तो यह संभव नहीं होता।
इस बीच, फडणवीस ने शिवसेना नेता उद्धव ठाकरे पर भी निशाना साधा, जो विधान परिषद के सदस्य हैं। फडणवीस ने कहा, ‘‘जो लोकतंत्र की बात करते हैं वे केवल 46 मिनट तक ही विधायिका की कार्यवाही में शामिल हुए।’’


