नई दिल्ली : (New Delhi) केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल (Union Commerce and Industry Minister Piyush Goyal) ने शनिवार को कहा कि कारोबारी सुगमता बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार द्वारा उठाए गए अनेक कदमों और सुधारों की वजह से चालू वित्त वर्ष 2025-26 की (जुलाई-सितंबर) दूसरी तिमाही में अर्थव्यवस्था ने 8.2 फीसदी की वृद्धि दर्ज की है।
सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती (150th birth anniversary of Sardar Vallabhbhai Patel) के मौके पर गुजरात के वडोदरा में आयोजित एक नेशनल पदयात्रा में हिस्सा लेते हुए जीडीपी पर पूछे गए सवाल के जवाब में पीयूष गोयल ने कहा कि वैश्विक व्यापार में अनिश्चितता के बावजूद देश का निर्यात भी अच्छी वृद्धि दर्ज कर रहा है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार ने बिजनेस को आसान बनाने के लिए कई कदम उठाए हैं और सुधार किए हैं, जिससे मौजूदा वित्त वर्ष की जुलाई-सितंबर तिमाही में अर्थव्यवस्था को 8.2 फीसदी की ग्रोथ हासिल करने में मदद मिली है।
उन्होंने कहा कि व्यापार के मोर्चे पर ग्लोबल अनिश्चितताओं के बावजूद देश का निर्यात भी अच्छी ग्रोथ दर्ज कर रहा है। उन्होंने कहा कि 8.2 फीसदी की ग्रोथ सरकार द्वारा उठाए गए कई सुधार उपायों को दिखाती है। गोयल ने कहा कि मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा देने और कारोबार को आसान बनाने के लिए कई उपाय किए गए हैं।
केंद्रीय मंत्री ने ‘एक्स’ पर लिखा कि आज वडोदरा में श्रम रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया (Labor and Employment Minister Mansukh Mandaviya) एवं मंत्री वीरेंद्र कुमार के साथ सरदार पटेल की 150वीं जन्मजयंती पर आयोजित यूनिटी मार्च (पदयात्रा) में सम्मिलित होने का सौभाग्य मिला। वडोदरा में कदम रखते ही सरदार पटेल की विरासत का गर्व महसूस होता है। उनकी दृढ़ता से अनेक रियासतें मिलकर एक भारत बनीं। वाणिज्य मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) के नेतृत्व में वही संकल्प हमें आत्मनिर्भर और विकसित भारत की राह दिखा रहा है।


