नई दिल्ली: (New Delhi) इंग्लैंड और जिम्बाब्वे दोनों के लिए टेस्ट शतक लगाने वाले पूर्व इंग्लिश बल्लेबाज गैरी बैलेंस ने क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास ले लिया है। 33 वर्षीय बैलेंस अपने जन्म के देश जिम्बाब्वे लौट आए थे और यॉर्कशायर द्वारा रिलीज किये जाने के बाद उन्होंने जिम्बाब्वे क्रिकेट के साथ दो साल का करार किया था। उन्होंने जिम्बाब्वे के लिए एक टेस्ट, एक टी20 और पांच एकदिवसीय मैच खेले।
बैलेंस ने पांच टेस्ट शतक के साथ अपने करियर को अलविदा कहा, उन्होंने हाल ही में जिम्बाब्वे के लिए खेले गए एकमात्र टेस्ट मैच में 137 रनों की नाबाद शतकीय पारी खेली।प्रोफेशनल क्रिकेटर्स एसोसिएशन की ओर से जारी बयान में बैलेंस ने कहा, ‘काफी सोच-विचार के बाद मैंने तत्काल प्रभाव से पेशेवर क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास लेने का फैसला किया है।’
बाएं हाथ के बल्लेबाज ने जिम्बाब्वे को उच्चतम स्तर पर खेलना जारी रखने का मौका देने के लिए धन्यवाद दिया, लेकिन खुलासा किया कि अब पेशेवर खेल में आगे बढ़ने की उनकी कोई इच्छा नहीं थी।उन्होंने कहा, “मुझे उम्मीद थी कि जिम्बाब्वे जाने से मुझे खेल के लिए एक नई खुशी मिलेगी और मैं हमेशा जिम्बाब्वे क्रिकेट का शुक्रगुजार रहूंगा कि उसने मुझे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी का मौका दिया और अपनी टीम में मेरा स्वागत किया।”
बैलेंस ने कहा,”हालांकि, मैं उस चरण में पहुंच गया हूं जहां मुझे अब पेशेवर खेल की कठोरता के लिए खुद को समर्पित करने की इच्छा नहीं है। मैं जिम्बाब्वे क्रिकेट के आगे बढ़ने की कामना करता हूं।”बैलेंस ने 2014 में अपनी शुरुआत करने के बाद इंग्लैंड के लिए 23 टेस्ट खेले और उनके लिए 1498 रन बनाए – जिसमें चार शतक और सात अर्धशतक शामिल थे। उन्होंने 2014 और 2015 सीज़न में यॉर्कशायर के साथ काउंटी चैंपियनशिप भी जीती थी।


