spot_img

New Delhi : गडकरी ने कहा- एससीओ देशों के साथ संपर्क भारत की प्राथमिकता

नई दिल्ली: (New Delhi) केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के देशों के साथ संपर्क भारत की प्राथमिकता है। भारत परिवहन क्षेत्र को अधिक कुशल और विश्वसनीय बनाने को लेकर समाधानों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।

गडकरी ने शुक्रवार को नई दिल्ली में एससीओ देशों के परिवहन मंत्रियों की 10वीं बैठक की अध्यक्षता करते हुए यह बात कही। गडकरी ने कहा कि हमें हर देश की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के लिए सहयोग, मांग आधारित विकास और सम्मान सुनिश्चित करना चाहिए। भारत इस क्षेत्र में अर्थव्यवस्था और जनसंपर्क को बढ़ावा देने के लिए एससीओ पर विशेष ध्यान देता है। भारत परिवहन क्षेत्र को ज्यादा कुशल और विश्वसनीय बनाने को लेकर समाधानों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।

उल्लेखनीय है कि भारत अभी शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) का अध्यक्ष है। एससीओ 15 जून 2001 को शंघाई में स्थापित एक अंतर-सरकारी संगठन है। एससीओ में फिलहाल आठ सदस्य देश हैं, जिसमें भारत, चीन, कजाकिस्तान, किर्गिस्तान, रूस, पाकिस्तान, ताजिकिस्तान और उज्बेकिस्तान शामिल हैं।

Explore our articles