spot_img

New Delhi : पाकिस्तानी अखबारों सेः शहरियों के फौजी अदालतों में ट्रायल पर गठित 9 सदस्यीय बेंच टूटने को प्रमुखता

शहबाज की पेरिस में आईएमएफ की एमडी से मुलाकात और यूनान नाव दुर्घटना को भी महत्व

नई दिल्ली : पड़ोसी देश पाकिस्तान से शुक्रवार को प्रकाशित लगभग सभी अखबारों में 9 मई की घटना पर सिविलियंस का फौजी अदालत में ट्रायल रोकने के लिए गठित बेंच में दरार पड़ने की खबरें छाई हुई हैं। इस मामले में सुप्रीम कोर्ट में गठित 9 सदस्यीय बेंच से दो जजों की आपत्ति के बाद 7 सदस्यीय बेंच गठित कर दी गई है। बेंच के सदस्य जस्टिस फायज ईसा का कहना है कि अदालती सुधार बिल लागू नहीं होने तक बेंच में नहीं बैठ सकता। साथ ही कहा कि मैं बेंच से अलग नहीं हो रहा हूं। चीफ जस्टिस उमर अता बिंदयाल नई पीठ गठित कर 9 मई की घटना में गिरफ्तार लोगों का डेटा तलब कर लिया है।

इस मामले पर रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ की प्रतिक्रिया भी सुर्खियों में है। उन्होंने कहा है कि अदालतों को संसद के कामों में हस्तक्षेप रोकना होगा। साफ पैगाम जाना चाहिए, अदालत पहले ही काफी हस्तक्षेप कर चुकी हैं। राजनीतिक मकसद के लिए देश की इज्जत को दांव पर ना लगाया जाए।

दूसरी तरफ अखबारों ने प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की पेरिस में आईएमएफ की मैनेजिंग डायरेक्टर से मुलाकात को भी महत्व दिया है। इस मुलाकात में पाकिस्तान के साथ होने वाले समझौतों में अड़चनों को दूर करने पर बातचीत की गई है। आईएमएफ ने प्रधानमंत्री को कहा है कि शर्तें पूरी कर दें, उम्मीद है कर्ज मिलेगा। प्रधानमंत्री न्यू ग्लोबल फाइनेंस इंपैक्ट की बैठक में भाग लेने के लिए पेरिस पहुंचे हैं।

यूनान नाव हादसे में 84 शवों के मिलने की खबरें देते हुए अखबारों ने बताया है कि पाकिस्तानियों की पहचान और संख्या अभी पूरी तरह से स्पष्ट नहीं है। नाव दुर्घटना में लाहौर से 16 मानव तस्करों को गिरफ्तार करने की खबरें हैं। इस मामले की जांच के लिए अदालती कमीशन बनाने के लिए राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री को खत लिखा गया है। इसके साथ ही 50 साल के लिए कराची एयरपोर्ट के कंटेनर टर्मिनल का कंट्रोल अबूधाबी पोर्ट ग्रुप के हवाले किए जाने की खबरें भी हैं।

अंतरराष्ट्रीय खबरों में मौत का सफर कर टाइटैनिक का मलबा देखने गए पर्यटकों के पनडुब्बी विस्फोट से मारे जाने की खबर को महत्व के साथ प्रकाशित किया गा है। इस दुर्घटना में पाकिस्तान के अरबपति व्यापारी शहजादा दाऊद के बेटे सलमान सहित कई लोग मारे गए हैं। अखबारों ने स्पेन में शरणार्थियों की नाव डूबने से महिला समेत 29 लोगों के मारे जाने की खबरें दी है।

चीन में एक रेस्टोरेंट में गैस सिलेंडर में विस्फोट होने से स्कूल छात्रा समेत 31 लोगों के मारे जाने और भारत में अल्पसंख्यकों की सुरक्षा पर अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा के बयान को जगह दी गई है। ओबामा ने कहा कि अगर अल्पसंख्यकों की सुरक्षा ना की गई तो देश टूट जाएगा।

सरहद इस पार की खबरों में प्रधानमंत्री मोदी की जो बाइडन से मुलाकात के दौरान व्हाइट हाउस के बाहर विरोध प्रदर्शन होने की खबरें हैं। अखबारों ने जम्मू-कश्मीर के जिला इस्लामाबाद में दो कश्मीरी युवकों को गिरफ्तार करने की खबरें दी हैं। गृह मंत्री अमित शाह के आज से दो दिवसीय जम्मू-कश्मीर दौरे के मद्देनजर कश्मीर घाटी में भारत विरोधी पोस्टर लगाए गए हैं। अखबारों ने राजस्थान के बीकानेर में ट्यूशन जा रही दलित लड़की का अपहरण कर सामूहिक बलात्कार और हत्या करने की खबरें दी हैं। ये सभी खबरें रोजनामा पाकिस्तान, रोजनामा नवाएवक्त, रोजनामा खबरें, रोजनामा दुनिया, रोजनामा एक्सप्रेस, रोजनामा जंग और रोजनामा औसाफ आदि ने अपने पहले पन्ने पर प्रकाशित की हैं।

रोजनामा जंग ने भारत द्वारा अन्य देशों की तरह अपनी करेंसी को अंतरराष्ट्रीय व्यापार के लिए लांच करने के प्रयास शुरू करने की खबर को प्रकाशित किया है। आरबीआई की डिप्टी गवर्नर उषा थोराट ने ब्लूंबर्ग को इंटरव्यू देते हुए कहा है कि भारत व्यापार की जरूरत को पूरा करने के लिए अपने पार्टनर के साथ लेनदेन के लिए भारतीय रुपया को लांच करने की कोशिश कर रहा है। उनका कहना है कि रुपये का इस्तेमाल करते हुए 35 देशों ने लेन-देन में दिलचस्पी व्यक्त की है।

Explore our articles