नई दिल्ली : (New Delhi) दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट पुलिस (Delhi’s IGI Airport Police) ने फर्जी वीजा और टिकट के सहारे तीन यात्रियों को स्पेन भेजने की साजिश में शामिल एक एजेंट को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 29 मई को अमृतसर के तीन युवक—हरजीत सिंह (44), भगवंत सिंह (25) और गुरचरण सिंह (28) मैड्रिड, स्पेन जाने के इरादे से आईजीआई एयरपोर्ट पहुंचे थे। जब उन्होंने इंडिगो एयरलाइंस के काउंटर पर टिकट दिखाया तो वह टिकट एयरलाइन के सिस्टम में दर्ज ही नहीं था। संदेह होने पर उन्हें मौके पर मौजूद स्विस लायज़न अफसर के पास भेजा गया। जिन्होंने उनके पासपोर्ट पर लगे शेंगेन वीज़ा को फर्जी घोषित कर दिया।
इसके बाद एयरलाइंस अधिकारियों ने तत्काल इमीग्रेशन विभाग को सूचित किया और कानूनी कार्रवाई हेतु थाने में शिकायत दर्ज करवाई गई।
पूछताछ के दौरान तीनों यात्रियों ने बताया कि उन्होंने यह यात्रा पंजाब के बटाला निवासी एजेंट सोनू वालिया के माध्यम से तय की थी, जिसकी सिफारिश कमलदीप सिंह नामक व्यक्ति ने की थी। कमलदीप ने तीनों से कुल 17 लाख लिए और उन्हें बताया कि वे स्पेन पहुंचकर एक होटल में वेटर की नौकरी करेंगे।
पुलिस टीम ने तकनीकी साधनों के जरिए आरोपित कमलदीप सिंह को हरियाणा के कुरुक्षेत्र से 300 किलोमीटर पीछा कर पकड़ा। गिरफ्तारी के बाद उसने कबूल किया वह एक साल पहले सोनू वालिया से मिला था। जिसने उसे लोगों को विदेश भेजने के लिए कमीशन पर काम देने की पेशकश की थी।
दिलचस्प बात यह रही कि सोनू वालिया को पंजाब पुलिस पहले ही 25 मई को गिरफ्तार कर चुकी थी, लेकिन कमलदीप ने इस बात की जानकारी यात्रियों से छुपाई ताकि वे यात्रा का इरादा न बदलें। फिलहाल जांच जारी है और सोनू वालिया को गार्डनर जेल, पंजाब से प्रोडक्शन वारंट पर लाकर पूछताछ की जाएगी।


