नई दिल्ली: (New Delhi) दिल्ली सरकार ने सोमवार को सचिव (सेवा) आशीष मोरे को कारण बताओ नोटिस भेजकर उनसे अवैध तरीके से पद पर बने रहने का प्रयास करने के लिए जवाब-तलब किया। सरकार ने कुछ दिन पहले ही उन्हें इस पद से रिलीव करने का आदेश जारी किया था।
मंत्री सौरभ भारद्वाज ने आरोप है कि आशीष मोरे सरकार का फोन नहीं उठा रहे हैं, उनका फोन बंद है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि केंद्र सरकार और उपराज्यपाल देश की सर्वोच्च अदालत के निर्देशों का पालन करने को तैयार नहीं दिख रहे हैं। दिल्ली सरकार पारदर्शिता, दक्षता और सुशासन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता पर अडिग है। यह सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाएगी।
उधर नोटिस में कहा गया है कि आशीष मोेरे बिना बताए छुट्टी पर चले गए हैं। सौरभ ने अपने नोटिस में कहा कि मेरे पास किसी भी छुट्टी के लिए आवेदन नहीं किया। न ही उन्होंने मेरे कार्यालय को सूचित किया कि वे किसी प्रकार की छुट्टी ले रहे हैं। 13 मई को सभी सचिवों को बुलाया गया था, वे उस बैठक में भी नहीं आए।
उल्लेखनीय है कि कुछ दिनों पहले सुप्रीम कोर्ट ने अपने फैसले में कहा था कि दिल्ली सरकार सर्विसेज विभाग के तहत अधिकारियों की पोस्टिंग और ट्रांसफर से संबंधित फैसले लेने के लिए स्वतंत्र है। उसके फैसले में उपराज्यपाल दखल नहीं दे सकते।


