
भारत जैसे तेल आयातकों को मिलेगी राहत
नई दिल्ली : (New Delhi) अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (US President Donald Trump) के ईरान के साथ युद्ध जल्द खत्म होने की बात कहे जाने के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार (international market) में क्रूड ऑयल (कच्चे तेल) की कीमत में भी जोरदार गिरावट दर्ज की गई। आज क्रूड ऑयल की कीमत में लगभग छह प्रतिशत की बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। इस गिरावट के कारण ब्रेंट क्रूड 93 डॉलर प्रति बैरल और वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (West Texas Intermediate) (WTI) क्रूड 88 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर पहुंच गया।
इसके पहले सोमवार को कच्चे तेल की कीमत 119 डॉलर के स्तर को भी पार कर गई थी। हालांकि डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) द्वारा युद्ध खत्म होने की बात कहे जाने के बाद कल ही ब्रेंट क्रूड गिरकर 98.96 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर बंद हुआ था। इसके बाद आज ब्रेंट क्रूड ने 91.49 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर कारोबार की शुरुआत की। कारोबार शुरू होते ही ब्रेंट क्रूड टूट कर 88.22 प्रति बैरल के स्तर तक आ गया। हालांकि इसके बाद एक बार फिर इसकी कीमत में तेजी का रुख बना। दोपहर 11 बजे तक का कारोबार होने के बाद ब्रेड क्रूड 6.14 प्रतिशत की गिरावट के साथ 92.91 प्रति बैरल के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (West Texas Intermediate) (WTI) क्रूड ने भी सोमवार को 119 डॉलर प्रति बैरल का स्तर पर करने के बाद 94.77 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर कारोबार का अंत किया था। आज इसने भी 87.81 डॉलर प्रति बैरल के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। कारोबार शुरू होने के बाद डब्ल्यूटीआई क्रूड लुढ़क कर 84.43 डॉलर प्रति बैरल के स्तर तक आ गया। इसके बाद इसकी चाल में सुधार हुआ। दोपहर 11 बजे तक का कारोबार होने के बाद डब्ल्यूटीआई क्रूड 6.79 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 88.38 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
इसी तरह वायदा बाजार में ब्रेंट क्रूड फ्यूचर्स आज 6.51 डॉलर प्रति बैरल यानी 6.66 प्रतिशत की गिरावट के साथ फिलहाल 92.45 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है। वहीं डब्ल्यूटीआई क्रूड फ्यूचर्स आज 6.12 डॉलर प्रति बैरल यानी 6.50 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 88.65 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर पहुंचा हुआ है।
आपको बता दे की पश्चिम एशिया में जारी सैन्य तनाव की वजह से सोमवार को कच्चे तेल की कीमत जबरदस्त उछाल के साथ 119 डॉलर का स्तर पार कर 120 डॉलर प्रति बैरल के काफी करीब पहुंच गई थी। हालांकि बाद में डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ जारी युद्ध के जल्द खत्म होने की बात कह कर अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की आपूर्ति को लेकर बनी चिंता को काफी हद तक काम कर दिया। इस वजह से कच्चे तेल की कीमत में गिरावट का रुख बनने लगा।
बताया जा रहा है कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (Russian President Vladimir Putin) ने भी सोमवार को डोनाल्ड ट्रंप से ईरान युद्ध को जल्द खत्म करने के संबंध में बातचीत की। कहा जा रहा है कि इस बातचीत में पुतिन ने अपनी ओर से शांति प्रस्ताव भी पेश किया। इस बातचीत के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिकी मीडिया को दिए इंटरव्यू में ईरान युद्ध जल्द खत्म होने के संकेत दिए। हालांकि ईरान के रिवॉल्यूशनरी गार्ड्स (Iran’s Revolutionary Guards) (IRGC) ने ट्रंप की बात को नकारते हुए कहा कि युद्ध का अंत ईरान तय करेगा और अगर अमेरिका और इजरायल के हमले जारी रहे तो पश्चिम एशिया से एक लीटर तेल का भी एक्सपोर्ट नहीं होने दिया जाएगा।
मार्केट एक्सपर्ट्स का कहना है कि पिछले 24 घंटे के दौरान ईरान युद्ध को लेकर जिस तरह से अलग-अलग बयान आ रहे हैं, उससे आने वाले कुछ दिन तक कच्चे तेल की कीमत में लगातार उतार-चढ़ाव होते रहने की उम्मीद है। इसके बावजूद कच्चे तेल की कीमत में अभी आई गिरावट भारत जैसे कच्चे तेल के आयात पर निर्भर करने वाले देश के लिए काफी राहत वाली बात है।


