spot_img

New Delhi : एमसीडी-दिल्ली सरकार के स्कूलों के बीच तालमेल बैठाना शिक्षा विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी: आतिशी

नयी दिल्ली : दिल्ली की नवनियुक्त शिक्षा मंत्री आतिशी ने शुक्रवार को कहा कि दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) और दिल्ली सरकार के स्कूलों के बीच तालमेल बैठाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने उपराज्यपाल वी. के. सक्सेना से लोगों के हित में अरविंद केजरीवाल सरकार के साथ सहयोग करने का भी आग्रह किया।

आम आदमी पार्टी (आप) नेता आतिशी ने बृहस्पतिवार को शिक्षा मंत्री के रूप में शपथ ली थी और उन्होंने शुक्रवार को पदभार संभाल लिया।

उन्होंने कहा कि उनका ध्यान ‘आंबेडकर स्कूल ऑफ स्पेशलाइज्ड एक्सीलेंस’ पर भी होगा। आतिशी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से एक साक्षात्कार में कहा, ‘‘नगर निगम के स्कूलों और दिल्ली सरकार के स्कूलों के बीच तालमेल बैठाना शिक्षा विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।’’

उन्होंने कहा, ‘‘अभी तक हमारा ध्यान कक्षा छह से 12वीं तक रहा है। अब हम यह सुनिश्चित करेंगे कि प्राथमिक शिक्षा को भी इस व्यवस्था में लाया जाए। हम ‘आंबेडकर स्कूल ऑफ स्पेशलाइज्ड एक्सीलेंस’ पर ध्यान केंद्रित करेंगे जहां छात्र कक्षा नौ से अपने रुचि के विशेषीकृत संकाय (स्पेशलाइज्ड स्ट्रीम) पर ध्यान केंद्रित कर सकते हैं, और ठीक यही शिक्षा मॉडल है जो सिंगापुर जैसे देशों में मौजूद है।’’

कालकाजी विधानसभा सीट से विधायक आतिशी राष्ट्रीय राजधानी में शैक्षिक सुधारों को लागू करने के लिए ‘आप’ द्वारा बनाई गई टीम की प्रमुख सदस्य थीं।

फिनलैंड में एक प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए शिक्षकों को भेजने पर दिल्ली के उपराज्यपाल (एलजी) सक्सेना और ‘आप’ सरकार के बीच खींचतान पर, उन्होंने कहा कि उपराज्यपाल को लोगों के हित को ध्यान में रखते हुए निर्वाचित सरकार के साथ सहयोग करना चाहिए।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं सक्सेना को याद दिलाना चाहती हूं कि उपराज्यपाल के तौर पर उनका और जनप्रतिनिधि के तौर पर, हमारा काम दिल्ली की जनता की सेवा करना है। मैं उनसे आग्रह करूंगी कि वे केवल लोगों के हित के लिए काम करें और हमारे साथ सहयोग करें।’’

जी20 की भारत की अध्यक्षता के तहत दिल्ली में कई बैठकें आयोजित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली के बुनियादी ढांचे के निर्माण और रखरखाव पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।

आतिशी के पास शिक्षा के अलावा लोकनिर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), ऊर्जा और पर्यटन विभाग का भी प्रभार है।

आतिशी ने कहा, ‘‘जी-20 से पहले भी बुनियादी ढांचा एक महत्वपूर्ण पहलू था। हमने आश्रम फ्लाईओवर का उद्घाटन कर दिया है, अब चिराग दिल्ली फ्लाईओवर पर काम शुरू हो गया है।’’

दिल्ली के उपमुख्यमंत्री रहे मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन के इस्तीफे के बाद मंत्रिमंडल में दो पद खाली हुए थे। सिसोदिया और जैन क्रमश: भ्रष्टाचार और धन शोधन के मामलों में इस समय जेल में बंद हैं।

सिसोदिया को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने दिल्ली आबकारी नीति 2021-22 तैयार करने में कथित भ्रष्टाचार के आरोप में गिरफ्तार किया था।

जैन भी इस समय न्यायिक हिरासत में हैं और प्रवर्तन निदेशालय ने कथित धनशोधन के मामले में उन्हें पिछले साल मई में गिरफ्तार किया था।

दिल्ली आबकारी नीति मामले में ईडी द्वारा सिसोदिया की गिरफ्तारी पर आतिशी ने कहा, ‘‘अगर मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो जाते, तो उनके खिलाफ सभी मामले खत्म हो जाते, जैसे कि असम में हिमंत बिश्व शर्मा और पश्चिम बंगाल में शुभेंदु अधिकारी के साथ हुआ था।’’

Explore our articles