spot_img

New Delhi : AI टूल्स के जरिए निपटाई जा रहीं शिकायतें


New Delhi: Complaints being resolved using AI tools

विद्युत मंत्री ने एआई इंपैक्ट समिट में मंत्रालय की प्रदर्शनी का किया उद्घाटन
नई दिल्ली : (New Delhi)
केंद्रीय विद्युत मंत्री मनोहर लाल खट्टर (Union Power Minister Manohar Lal Khattar) ने राजधानी स्थित भारत मंडपम में आयोजित ‘एआई इंपैक्ट समिट’ (AI ​​Impact Summit held at Bharat Mandapam) के दौरान विद्युत मंत्रालय के प्रदर्शनी मंडप का उद्घाटन किया। यह मंडप देश के बिजली तंत्र में डिजिटल और कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित समाधानों के बढ़ते उपयोग को रेखांकित करता है।

‘मेगावाट से मेगाबाइट तक: भारत के विद्युत इको-सिस्टम का रूपांतरण’ थीम पर आधारित इस प्रस्तुति में दिखाया गया कि किस प्रकार एआई तकनीक उत्पादन, पारेषण और वितरण संरचनाओं को अधिक सक्षम, विश्वसनीय और दक्ष बना रही है। मंत्रालय के अनुसार, अत्याधुनिक डिजिटल प्लेटफॉर्म और डेटा एनालिटिक्स के माध्यम से ग्रिड प्रबंधन, मांग पूर्वानुमान और रखरखाव प्रक्रियाओं में संरचनात्मक सुधार लाए जा रहे हैं, जिससे आपूर्ति की स्थिरता और परिचालन दक्षता को बल मिल रहा है।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) (Delhi Metro Rail Corporation) की प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। डीएमआरसी के प्रबंध निदेशक डॉ. विकास कुमार ने मेट्रो संचालन में एआई आधारित नवाचारों की जानकारी दी।

खामियों का पता लगाने में भी एआई की मदद

अधिकारियों के अनुसार, एआई टूल्स के माध्यम से यात्रियों की शिकायतों के त्वरित निस्तारण, परिचालन व्यवधानों की पूर्व पहचान और रखरखाव की भविष्यवाणी आधारित योजना संभव हो रही है। ओवरहेड इलेक्ट्रिफिकेशन (ओएचई) सिस्टम, पैंटोग्राफ-ओएचई इंटरैक्शन, व्हील ग्राइंडिंग, रोलिंग स्टॉक सबसिस्टम तथा सिग्नलिंग नेटवर्क की निगरानी में एआई का उपयोग कर संभावित तकनीकी खामियों का समय रहते पता लगाया जा रहा है।

समिट में प्रदर्शित पहलों से संकेत मिलता है कि ऊर्जा और शहरी परिवहन क्षेत्र में एआई का एकीकरण परिचालन विश्वसनीयता, लागत दक्षता और सेवा गुणवत्ता को नए स्तर पर ले जाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

Explore our articles