नई दिल्ली: (New Delhi) सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को सर्राफा बाजार में गिरावट का रुख बनता नजर आया। आज के कारोबार में सोना और चांदी दोनों चमकीली धातुएं नीचे फिसलती हुई नजर आईं। गिरावट के बावजूद सोना ने 60 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर से ऊपर कारोबार किया। चांदी आज की गिरावट के बाद 75 हजार रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर से नीचे फिसली।
इसके पहले पिछले कारोबारी दिन यानी गुरुवार को सोना का अंतिम बंद भाव 60,616 रुपये प्रति 10 ग्राम रहा था। आज के कारोबार में इस चमकीली धातु में प्रति 10 ग्राम 170 रुपये की कमजोरी दर्ज की गई। अलग-अलग श्रेणियों में सोने ने आज 170 रुपये प्रति 10 ग्राम से लेकर 99 रुपये प्रति 10 ग्राम तक की नरमी दिखाई। दूसरी ओर चांदी भी आज के कारोबार में 565 रुपये प्रति किलोग्राम तक फिसल गया।
इंडियन बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (आईबीजेए) के मुताबिक घरेलू सर्राफा बाजार में आज कारोबारी सोना यानी 24 कैरेट (999) सोने की औसत कीमत 170 रुपये की नरमी के साथ गिर कर 60,446 रुपये प्रति 10 ग्राम (अस्थाई) हो गई। इसी तरह 23 कैरेट (995) सोने की कीमत भी 169 रुपये की कमजोरी के साथ 60,204 रुपये प्रति 10 ग्राम (अस्थाई) हो गई। जेवराती यानी 22 कैरेट (916) सोने की कीमत में आज 155 रुपये प्रति 10 ग्राम की गिरावट दर्ज की गई।
इसके साथ ही 22 कैरेट सोना 55,369 रुपये प्रति 10 ग्राम (अस्थाई) के स्तर पर पहुंच गया। इसके अलावा 18 कैरेट (750) सोने की कीमत आज प्रति 10 ग्राम 127 रुपये गिर कर 45,335 रुपये प्रति 10 ग्राम (अस्थाई) के स्तर पर पहुंच गई। जबकि 14 कैरेट (585) सोना आज 99 रुपये सस्ता होकर 35,361 रुपये प्रति 10 ग्राम (अस्थाई) के स्तर पर पहुंच गया।
सोने की तरह ही आज चांदी की कीमत में भी नरमी का रुख नजर आया। आज के कारोबार में चांदी (999) की कीमत में 656 रुपये प्रति किलोग्राम की कमजोरी दर्ज की गई। आज की गिरावट के कारण इस चमकीली धातु की कीमत पिछले कारोबारी दिन यानी गुरुवार के आखिरी बंद भाव 75,419 रुपये प्रति किलोग्राम से लुढ़क कर 74,763 रुपये प्रति किलोग्राम (अस्थाई) के स्तर पर आ गई।
जानकारों के मुताबिक अमेरिका में जून के अंत तक मंदी आने की आशंका जताई जा रही है। इसके साथ ही वैश्विक अर्थव्यवस्था में भी लगातार उथल पुथल की स्थिति बनी हुई है। इस वजह से वर्ल्ड गोल्ड मार्केट लगातार दबाव की स्थिति में काम कर रहा है। इसलिए मौजूदा समय में भारतीय बाजार में भी लगातार अस्थिरता बने रहने की संभावना है। अक्षय तृतीया के एक दिन पहले सर्राफा बाजार में आई नरमी के कारण शगुन के लिए हाजिर सौदा करने वाले खुदरा ग्राहकों की खरीदारी में तेजी आने की संभावना है।


