नई दिल्ली : (New Delhi) इंदिरा गांधी इंटरनेशनल (आईजीआई) एयरपोर्ट (Indira Gandhi International (IGI) Airport) पर सुरक्षा में चूक का गंभीर मामला सामने आया है। आईजीआई टर्मिनल 3 के ट्रांजिट एरिया (transit area of IGI Terminal 3) से लंदन की कनेक्टिंग फ्लाइट पकड़ने के दौरान एक ब्रिटिश नागरिक फरार हो गया। यात्री बैंकॉक की फ्लाइट से यहां पहुंचा था। माना जा रहा है कि यात्री शहर में प्रवेश कर गया है। उसकी तलाश मेें दिल्ली पुलिस सहित तमाम सुरक्षा एजेंसी जुटी हैं। इस संबंध में आईजीआई एयरपोर्ट थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। अभी तक उसे तलाश नहीं किया जा सका है। यात्री के फरार होने का मकसद क्या है यह उसके पकड़े जाने के बाद ही साफ हो पाएगा।
एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार घटना 28 अक्टूबर की है। 28 अक्टूबर को ब्रिटिश नागरिक फिट्ज़ पैट्रिक (Fitz Patrick) बैंकाक से उड़ान लेकर नई दिल्ली पहुंचा था। यहां से उसे एयर इंडिया की कनेक्टिंग फ्लाइट लेकर लंदन जाना था। मगर, किसी वजह से वह फ्लाइट नहीं पकड़ पाया। वह पूरे दिन ट्रांजिट जोन में ही बैठा रहा। नियमानुसार ऐसे विदेशी यात्री जिनके पास भारत का वीजा नहीं है, उनको ट्रांजिट जोन से बाहर निकलने की अनुमति नहीं है। ऐसे में फिट्ज पूरे दिन ट्रांजिट जोन में यहां-वहां चक्कर लगाता रहा। बताया जा रहा है कि रात भर वह ट्रांजिट एरिया में ही रहा। 29 अक्टूबर को ट्रांजिट एरिया से निकल वह इमिग्रेशन अराइवल एरिया के पास पहुंचा। सीसीटीवी फुटेज के अध्ययन ने पता चला है कि अराइवल काउंटर के पास कुछ देर तक वह खड़ा रहा। उसने इस दौरान आसपास देखा और फिर एकाएक सिटी साइड की ओर बढ़ गया।
इसके बाद वह दिखना बंद हो गया। ब्रिटिश यात्री के इस प्रकार एयरपोर्ट से फरार होने को सुरक्षा में गंभीर चूक माना जा रहा है। घटना का पता लगते ही सुरक्षा एजेंसियों में हडक़ंप मच गया।
इस संबंध में डीसीपी एयरपोर्ट विचित्र वीर (DCP Airport Vichitra Veer) का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है। संबंधित एयरलाइन कर्मचारी से भी पूछताछ की गई है। फरार व्यक्ति का पता लगाने के लिए टीमें गठित की गई हैं। पुलिस टीम तकनीकी और मानवीय खुफिया जानकारी के आधार पर काम कर रही हैं। जल्द उसको खोज निकाला जाएगा।


