New Delhi : विमेंस डे से पहले डीएमआरसी करेगा महिलाओं के लिए लाइव आर्ट वर्क प्रतियोगिता का आयोजन

0
157

नई दिल्ली : आठ मार्च को दुनिया भर में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मनाया जाएगा। इसके उपलक्ष्य में दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) ने महिला यात्रियों के लिए एक ऑनलाइन अनुभव साझा करण और एक लाइव आर्ट वर्क प्रतियोगिता का आयोजन करने का एलान किया है।

डीएमआरसी के अनुसार, 26 से 29 फरवरी तक महिलाएं डीएमआरसी की आधिकारिक वेब साइट पर ऑनलाइन अनुभव साझा कर सकेंगी। “ऑनलाइन अनुभव साझाकरण” के लिए भेजे जाने वाले अनुभवों को 29 फरवरी की आधी रात तक स्वीकार किया जाएगा।

प्रतियोगिताओं से संबंधित सभी जानकरियां डीएमआरसी की वेबसाइट www.delhimetrorail.com पर भी मौजूद हैं। इसके अलावा 29 फरवरी को 3 बजे से 4 बजे तक हौज़ खास, राजीव चौक और विश्वविद्यालय मेट्रो स्टेशनों पर एक “लाइव थीम आधारित आर्ट वर्क” प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इसमें भाग लेने के लिए पहले रजिस्ट्रशन करना होगा। यह रजिस्ट्रशन 25 से 27 फरवरी तक डीएमआरसी की वेबसाइट पर किया जा सकता है।

इतना ही हीं 26 फरवरी से 1 मार्च डीएमआरसी के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म “एक्स” पर एक ऑनलाइन क्विज़ प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा। “एक्स” क्विज़ के विजेता वही होंगे जिन्होंने सब से पहले सही जवाब लिखा होगा। उपरोक्त प्रतियोगिताओं के परिणाम पांच मार्च को घोषित किए जाएंगे। चयनित प्रतिभागियों को प्रशंसा प्रमाण पत्र और उचित पुरस्कार से सम्मानित भी किया जाएगा।

डीएमआरसी का कहना है कि दिल्ली मेट्रो से यात्रा करने वालों में महिलाओं की बड़ी संख्या है। दिल्ली मेट्रो ने हमेशा अपनी सभी महिला यात्रियों को प्रत्येक कोच में आरक्षित सीटों और एक अलग महिला कोच के रूप में एक सुरक्षित, आरामदायक और परेशानी मुक्त यात्रा प्रदान करने का प्रयास किया है। ऑनलाइन अनुभव साझा करने और लाइव थीम आधारित आर्ट वर्क के विजेताओं का चयन विचारों की अभिव्यक्ति, भाषा के उपयोग, शब्द सीमा का पालन, विषय की प्रासंगिकता आदि के आधार पर किया जाएगा।