
नई दिल्ली : (New Delhi) पटियाला हाउस कोर्ट (Patiala House Court) ने शिक्षा मंत्रालय के सामने प्रदर्शन करने के मामले में गिरफ्तार जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (Jawaharlal Nehru University) (JNU) के 14 छात्रों को जमानत दे दी है। कोर्ट ने सभी 14 छात्रों को 25-25 हजार के मुचलके पर जमानत देने का आदेश दिया।
दिल्ली पुलिस ने इन छात्रों को 26 फरवरी को गिरफ्तार किया था और शुक्रवार काे पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया। दिल्ली पुलिस ने इन छात्रों की न्यायिक हिरासत की मांग की थी। दिल्ली पुलिस ने कहा कि छात्रों का प्रदर्शन हिंसक हो गया। दिल्ली पुलिस का कहना था कि अगर इन छात्रों को जमानत दी गयी तो ये फिर से हिंसा कर सकते हैं। इस मामले में अभी जांच चल रही है।
पुलिस के मुताबिक करीब 300 प्रदर्शनकारियों ने जेएनयू कैंपस (JNU campus) से शिक्षा मंत्रालय तक मार्च का आयाेजन किया था लेकिन इसके लिए जरुरी अनुमति नहीं ली गई थी। दिल्ली पुलिस ने इन्हें रोकने के लिए बैरिकेड लगाए थे जिसके बाद इन छात्रों ने पुलिस से साथ धक्कामुक्की की जिससे कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक ये प्रदर्शन शांतिपूर्ण नहीं था। दिल्ली पुलिस ने कहा कि इनमें से कई छात्र पहले भी प्रदर्शनों में शामिल हुए हैं और उन्होंने बल प्रयोग भी किया था।
पेशी के दौरान छात्रों के वकील ने कहा कि आरोपित छात्र इस मामले में जांच में सहयोग करना चाहते हैं और वे इस संबंध में कोर्ट को लिखित अंडरटेकिंग देना चाहते हैं। उसके बाद कोर्ट ने सभी छात्रों को 25-25 हजार के मुचलके पर जमानत पर रिहा करने का आदेश दिया।


