नई दिल्ली : अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) जेक सुलिवन ने मंगलवार को नई दिल्ली में भारत के एनएसए अजित डोभाल से मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद अजीत डोभाल और जेक सुलिवन ने महत्वपूर्ण और उभरती प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में भारत-अमरीका सहयोग पर एक बैठक को संबोधित भी किया।
राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोभाल ने भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) के एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि भारत-अमरीका सहयोग के अंतर्गत दोनों देशों ने सेमीकंडक्टर्स के बारे में एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं। उन्होंने कहा कि जैव प्रौद्योगिकी पर विस्तृत चर्चा हो रही है। कृत्रिम बुद्धिमत्ता प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में सहयोग पर महत्वपूर्ण आदान-प्रदान हुआ है। डोभाल ने कहा कि भारत और अमरीका ने एक रणनीतिक व्यापार संवाद स्थापित किया है, जो नियमों संबंधी बाधाओं और निर्यात से संबंधित समस्याओं को दूर करने के लिए एक मंच के रूप में काम करेगा।
इस अवसर पर जेक सुलिवन ने अपने संबोधन में कहा कि अमरीका और भारत स्वच्छ ऊर्जा परिवर्तन, कृत्रिम बुद्धिमत्ता प्रौद्योगिकी, जैव प्रौद्योगिकी और क्वांटम के क्षेत्र में विश्व का नेतृत्व करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अगले सप्ताह शुरू होने वाली अमेरिकी यात्रा की उत्सुकता से प्रतीक्षा की जा रही है। इस यात्रा के दौरान रक्षा और उच्च तकनीक व्यापार के क्षेत्र में बाधाओं को दूर करने और वैज्ञानिकों तथा शोधकर्ताओं के बीच बेहतर सहयोग पर चर्चा होगी।


