नई दिल्ली : (New Delhi) ग्लोबल मार्केट (global market) की ओर से बने दबाव, स्टॉक मार्केट में विदेशी निवेशकों की बिकवाली और डॉलर की मांग में तेजी आने का असर आज भारत के मुद्रा बाजार (India’s currency market) में साफ नजर आया। मुद्रा बाजार में बने नकारात्मक माहौल के कारण रुपया आज डॉलर की तुलना में एक बार फिर ऑल टाइम लो लेवल पर पहुंच कर बंद हुआ।
भारतीय मुद्रा आज डॉलर की तुलना में 12 पैसे फिसल कर 88.80 (अनंतिम) के स्तर पर बंद हुई। इसके पहले पिछले कारोबारी दिन सोमवार को भारतीय मुद्रा 88.68 रुपये प्रति डॉलर के स्तर पर बंद हुई थी। आपको बता दें कि आज के पहले 30 सितंबर को भी डॉलर के मुकाबले रुपये ने 88.80 के स्तर पर बंद होकर ऑल टाइम लो का रिकॉर्ड बनाया था। इसके बाद रुपये की स्थिति में कुछ सुधार भी हुआ था, लेकिन आज रुपया एक बार फिर सबसे निचले स्तर पर गिर कर बंद हुआ।
रुपये ने आज के कारोबार की शुरुआत भी गिरावट के साथ ही की थी। इंटरबैंक फॉरेन एक्सचेंज मार्केट (interbank foreign exchange market) में भारतीय मुद्रा ने आज सुबह डॉलर के मुकाबले 7 पैसे की कमजोरी के साथ 88.75 रुपये के स्तर से कारोबार की शुरुआत की थी। आज का कारोबार शुरू होने के बाद कुछ देर के लिए रुपया ओपनिंग लेवल से 5 पैसे की रिकवरी करके 88.70 के स्तर तक भी पहुंचा, लेकिन इसके बाद बाजार में बने नकारात्मक माहौल के कारण रुपया ओवरऑल 12 पैसे की कमजोरी के साथ 88.80 के स्तर तक गिर गया और उसी स्तर पर आज के कारोबार का अंत किया।
मुद्रा बाजार के आज के कारोबार में रुपये ने डॉलर के मुकाबल तो कमजोर प्रदर्शन किया, लेकिन इसके अलावा ज्यादातर दूसरी प्रमुख अंतरराष्ट्रीय मुद्राओं (major international currencies) के मुकाबले भारतीय मुद्रा ने मजबूत प्रदर्शन किया। आज के कारोबार के बाद ब्रिटिश पौंड (जीबीपी) की तुलना में रुपया 45.76 पैसे की तेजी के साथ 117.81 (अनंतिम) के स्तर पर पहुंच गया। इसी तरह यूरो की तुलना में रुपया आज 20.70 पैसे की उछाल के साथ 102.60 (अनंतिम) के स्तर पर पहुंच कर बंद हुआ।


