कंपनी ने 30 फीसदी हिस्सेदारी के लिए 3.56 करोड़ रुपये चुकाया
नई दिल्ली : गौतम अडाणी की अगुवाई वाली अडाणी समूह की प्रमुख कंपनी अडाणी एंटरप्राइजेज ने रेलवे टिकट बुकिंग से जुड़ी कंपनी स्टार्ट एंटरप्राइजेज प्राइवेट लिमिटेड (एसईपीएल) की करीब 30 फीसदी हिस्सेदारी खरीद ली है। कंपनी के मुताबिक यह सौदा 3.56 करोड़ रुपये में हुआ है।
अडाणी एंटरप्राइजेज ने शनिवार को शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि कंपनी की पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी अडाणी डिजिटल लैब्स प्राइवेट लिमिटेड ने 3.56 करोड़ रुपये में एसईपीएल की 29.81 फीसदी हिस्सेदारी खरीद ली है। अडाणी एंटरप्राइजेज ने पिछले महीने एसईपीएल की समूची हिस्सेदारी खरीदने के लिए समझौता करने की घोषणा की थी।
उल्लेखनीय है कि एसईपीएल रेलवे टिकट की ऑनलाइन बुकिंग करने वाले मंच ट्रेनमैन की संचालक कंपनी है। एसईपीएल ने वित्त वर्ष 2022-23 में 4.51 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) की रेलवे टिकटिंग साझेदार ट्रेनमैन की कुल आरक्षित टिकटों में 0.13 फीसदी हिस्सेदारी है।


