नई दिल्ली : उत्तर पश्चिमी जिले के सुभाष प्लेस स्थित शकूरपुर इलाके में शुक्रवार तड़के झुग्गी में सो रही एक 85 साल की बुजुर्ग महिला के साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। विरोध करने पर आरोपित ने महिला के चेहरे पर ब्लेड से ताबड़तोड़ हमला कर उसे बुरी तरह घायल कर दिया और गला दबाकर उसे मारने की कोशिश की। आरोपित के चंगुल से छूटने के बाद पीड़िता ने पड़ोसियों की मदद से पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने महिला को पास के अस्पताल में भर्ती करवाया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने दुष्कर्म सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित की पहचान 28 वर्षीय आकाश के रूप में हुई है।
डीसीपी जितेन्द्र मीणा के मुताबिक आरोपित की पहचान आकाश के रूप में हुई है और वह शकूरपुर के दूसरे ब्लॉक में रहता है। उसने पूछताछ में अपना अपराध कबूल कर लिया है। आरोपित नशे का आदी है और नशे में उसने वारदात को अंजाम दिया है।
जानकारी के मुताबिक पीड़िता के पति की मौत हो चुकी है और पति की मौत के बाद वह शकूरपुर स्थित झुग्गी में अकेली रहती है। शिकायत के मुताबिक शुक्रवार तड़के करीब चार बजे बुजुर्ग महिला शकूरपुर स्थित झुग्गी में सो रही थी। इसी दौरान एक युवक जबरन उसकी झुग्गी में घुस गया और महिला के साथ दुष्कर्म करने लगा। महिला ने इसका विरोध किया। इससे गुस्साए आरोपित ने उसे मुक्के मारे और उसके होठ पर ब्लेड से हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया। इतना ही नहीं आरोपित ने बुजुर्ग महिला का गला दबाकर उसे जान से मारने की कोशिश की।
पीड़िता के शोर मचाने पर आरोपित वहां से फरार हो गया। महिला किसी तरह से झुग्गी से निकलकर इसकी जानकारी अपने पड़ोसियों के जरिए पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बुजुर्ग महिला का पास के अस्पताल में इलाज करवाया। उसके बाद महिला के बयान पर पुलिस ने दुष्कर्म सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बुजुर्ग ने आरोपित का हुलिया बताया। जिससे पुलिस को नशा करने वाले युवक पर शक हुआ। इसके आधार पर पुलिस इलाके में रहने वाले ऐसे युवकों की धर पकड़ शुरू की और उनसे पूछताछ शुरू की। दोपहर बाद पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित शकूरपुर के दूसरे ब्लॉक में रहता है और नशे का आदी है। वह नशे की गोली का सेवन करता है। पुलिस आरोपित से लगातार पूछताछ कर रही है।


