नई दिल्ली : दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी ने दिल्ली परिवहन विभाग में करीब 800 करोड़ रुपये का घोटाला किए जाने का आरोप लगाया है।
दिल्ली भाजपा प्रदेश कार्यालय में मंगलवार को एक प्रेस कान्फ्रेंस में बिधूड़ी ने कहा कि राजधानी में केजरीवाल सरकार का यह सबसे बड़ा घोटाला है। दिल्ली में 1 लाख 12 हजार टैक्सी हैं और 10 हजार बसें हैं। महिला सुरक्षा के लिए पैनिक बटन लगाए जाने के नाम पर इन टैक्सियों से 9 हजार रुपये और बसों से 22 हजार रुपये वसूले जाते हैं। हैरानी की बात है कि ये पैनिक बटन किसी काम नहीं आ रहे हैं। इसके बावजूद वाहनों में इन्हें लगाने के नाम पर अब तक करीब 800 करोड़ रुपये वसूले जा चुके हैं।
उन्होंने कहा कि वह दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल से मांग करेंगे कि वह सरकार को एक पत्र जारी कर यह पूछें कि आखिर इतनी बड़ी राशि खर्च करने के बाद महिलाओं को सुरक्षा क्यों नहीं दी जा रही है। इसके लिए जल्द ही भाजपा का एक प्रतिनिधिमंडल उपराज्यपाल से मुलाकात करेगा। इतना ही नहीं, अगर जरूरत पड़ी तो इस मुद्दे को लेकर भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी मुख्यमंत्री आवास के बाहर धरना प्रदर्शन भी करेंगे।
अंत में बिधूड़ी ने कहा कि महिला सुरक्षा को लेकर बसों में जो पैनिक बटन लगाया गया है, उनका कंट्रोल रूम कहां है, इसकी सरकार के पास कोई जानकारी नहीं है। दिल्ली की बसों और टैक्सियों में पैनिक बटन लगाने के नाम पर इतना बड़ा घोटाला किया जा रहा है। दिल्ली के मुख्यमंत्री हर वक्त झूठ बोलते हैं और लोगों को गुमराह करने का काम करते हैं।


