नई दिल्ली: (New Delhi) इंदिरा गांधी इंटरनेशनल (आईजीआई) एयरपोर्ट पर एक यात्री के पास से आधा दर्जन जिंदा कारतूस बरामद होने का मामला सामने आया है। पुलिस इन कारतूसों को जब्त कर आगे की छानबीन कर रही है।
जानकारी के अनुसार दिल्ली से दुबई जा रहे एक यात्री को 27 जून को आईजीआई एयरपोर्ट पर कारतूस के साथ हिरासत में लिया गया था। जो कारतूस बरामद किए गए हैं, उससे संबंधित कागजात वह नहीं दिखा सका। इस वजह से आईजीआई एयरपोर्ट की पुलिस ने मामला दर्ज किया और आगे की जांच कर रही है। इस मामले में दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने गुरुवार को जानकारी देते हुए बताया कि जिसके पास से ये कारतूस बरामद किए गए हैं, उसकी पहचान अमरीश बिश्नोई के रूप में हुई है।
बिश्नोई उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद का रहने वाला है। वह 27 जून को दिल्ली से दुबई जा रहा था। जब उसके लगेज की जांच की गई तो उसके अंदर से छह जिंदा कारतूस बरामद किए गए। कारतूस को साथ में ले जाने से संबंधित डॉक्यूमेंट मांगे गए तो वह नहीं दे सका। पूछताछ में पता चला कि उसे यूपी गवर्नमेंट से पिस्टल का आल इंडिया का लाइसेंस मिला हुआ है। वह इंदिरापुरम में ट्रांसपोर्ट का बिजनेस करता है। इस मामले में आईजीआई एयरपोर्ट की पुलिस ने शस्त्र अधिनियम की धारा 25 के तहत एफआईआर दर्ज की है।


