
नई दिल्ली : (New Delhi) बजाज हाउसिंग फाइनेंस और टाटा कैपिटल (Bajaj Housing Finance and Tata Capital) समेत पांच कंपनियां के शेयरों का छह महीने का लॉक इन पीरियड आज खत्म हो गया। लॉक इन खत्म होने के बाद इन पांच कंपनियां के कुल 509.58 करोड़ शेयर ट्रेडिंग के लिए उपलब्ध हो गए हैं। शुक्रवार की क्लोजिंग प्राइस के अनुसार इन शेयरों की कीमत लगभग 1.15 लाख करोड़ रुपये है। इनमें सबसे अधिक 285.80 करोड़ शेयर टाटा कैपिटल के हैं।
टाटा कैपिटल कंपनी के शेयरों का छह महीने का लॉक-इन आज खत्म हो गया। लॉक इन खत्म हो जाने से आज से कंपनी के लगभग 285.80 करोड़ शेयर ट्रेडिंग के लिए फ्री हो गए हैं। आज ट्रेडिंग के लिए फ्री हुए शेयर कंपनी की कुल इक्विटी के 67 प्रतिशत के बराबर हैं। आज फ्री हुए इन शेयरों की कुल वैल्यू शुक्रवार की क्लोजिंग प्राइस के हिसाब से 93,700 करोड़ रुपये से ज्यादा है।
इसी तरह बजाज हाउसिंग फाइनेंस (Bajaj Housing Finance) के कुल इक्विटी का 25 प्रतिशत आज से ट्रेडिंग के लिए फ्री हो गया। इस तरह छह महीने से लॉक इन में पड़े कंपनी के कुल 210 करोड़ शेयरों में आज से ट्रेडिंग शुरू हो गई है। शुक्रवार की क्लोजिंग प्राइस के अनुसार इन शेयरों की वैल्यू लगभग 17,976 करोड़ रुपये है। इसके अलावा छह महीने से लॉक इन में पड़े वी वर्क इंडिया के 5.99 करोड़ शेयर भी आज से ट्रेडिंग के लिए उपलब्ध हो गए हैं। लॉक इन से फ्री होने वाले ये शेयर कंपनी की कुल इक्विटी का 45 प्रतिशत हैं। शुक्रवार की क्लोजिंग प्राइस के हिसाब से आज ट्रेडिंग के लिए फ्री हुए शेयर की वैल्यू लगभग 2,814 करोड़ रुपये है।
इसी तरह आज ही एडवांस एग्रोलाइफ की कुल इक्विटी का 50 प्रतिशत यानी 3.21 करोड़ शेयर भी छह महीने के लॉक इन के बाद आज से ट्रेडिंग के लिए उपलब्ध हो गए हैं। शुक्रवार की क्लोजिंग प्राइस के अनुसार आज ट्रेडिंग के लिए फ्री हुए इन शेयरों की कीमत लगभग 343 करोड़ रुपये है। इसके अलावा बीएमडब्ल्यू वेंचर्स के 4.58 करोड़ शेयर भी आज से ट्रेडिंग के लिए उपलब्ध हो गए हैं। लॉक इन से फ्री होने वाले ये शेयर कंपनी की कुल इक्विटी का 53 प्रतिशत हैं। शुक्रवार की क्लोजिंग प्राइस के हिसाब से इन शेयरों की वैल्यू लगभग 265 करोड़ रुपये है।


