spot_img

New Delhi : 16 वर्षीय किशोरी हुई गर्भवती, केस दर्ज

नई दिल्ली : पूर्वी दिल्ली के कल्याणपुरी में छेड़छाड़ की शिकायत पर पुलिस ने 16 साल की किशोरी का मेडिकल कराया तो पता चला कि वह गर्भवती है। परिवार के होश उड़ गए। पुलिस ने पहले छेड़छाड़ और पॉक्सो का मामला दर्ज किया था लेकिन बाद में दुष्कर्म की धारा भी जोड़कर आरोपित दानसिंह देव (21) को गिरफ्तार कर लिया है।

आरोपित किशोरी का दूर का रिश्तेदार बताया जा रहा है। दो साल पहले हरियाणा के पलवल में छात्रा से इसकी दोस्ती हुई थी। इसके बाद आरोपित छात्रा के पीछे दिल्ली आ गया। यहां लगातार उसका पीछा करने के अलावा जबरन से मिलता-जुलता था। परिजनों ने 17 मई को इसकी शिकायत भी पुलिस से की थी, लेकिन बाद में परिवार ने कोई बयान नहीं दिया था।

पूर्वी जिले की डीसीपी अमरुथा गुगुलोथ ने बताया कि पिछले दिनों कल्याणपुरी थाने में एक व्यक्ति ने बेटी के साथ छेड़छाड़ की शिकायत दी थी। पीड़ित ने बताया कि एक युवक उनकी बेटी का पीछा करने के अलावा उसके साथ बदसलूकी कर रहा था। आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया गया।

पुलिस मौके पर पहुंची तो परिवार ने युवक के रिश्तेदार होने और उसके परिवार से बातचीत करने की बात की। लेकिन इसके बाद पांच जून को परिवार थाने पहुंचा और दानसिंह नामक युवक के खिलाफ शिकायत दी। परिजनों ने बताया कि पलवल में आरोपित ने उनकी बेटी से दो साल पहले पहचान की थी।

उसके बाद से लगातार दानसिंह उनकी बेटी को परेशान कर रहा था। 17 मई को दानसिंह का दोस्त पीड़ित छात्रा को दानसिंह से दोबारा दोस्ती करने का दबाव बना रहा था। परिवार की शिकायत पर पुलिस ने पहले छेड़छाड़ का मामला दर्ज कर लिया। छात्रा का मेडिकल कराने पर उसके गर्भवती होने का पता चला। आरोपित ने छात्रा की बगैर मर्जी के उसके साथ दुष्कर्म किया था।

नौ साल की मासूम के साथ नाबालिग ने किया दुष्कर्म, गिरफ्तार

वहीं एक अन्य मामले में पूर्वी दिल्ली के न्यू अशोक नगर इलाके में नौ साल की मासूम के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता की इमारत में किराए पर रहने वाले 16 वर्षीय किशोर ने अपने घर ले जाकर वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित परिवार को जब घटना का पता चला तो मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने छानबीन के बाद आरोपित नाबालिग को दबोच लिया।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि सोमवार को पुलिस को एलबीएस अस्पताल से किशोरी के साथ दुष्कर्म की खबर मिली थी। पुलिस की टीम वहां पहुंची तो किशोरी अस्पताल में भर्ती मिली। पुलिस को दिए बयान में उसने बताया कि आरोपित उसे जबरन अपने घर ले गया और वारदात को अंजाम दिया। परिजन फौरन उसे अस्पताल ले गए।

पुलिस ने जांच के बाद पॉक्सो और दुष्कर्म की धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपित को दबोच लिया। बाद में जेजे बोर्ड में पेश कर किशोर को सेवा कुटीर चाइल्ड होम भेज दिया गया। पुलिस जल्द ही मासूम के 164 के बयान कराएगी। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।

Explore our articles