नई दिल्ली : (New Delhi) मध्य जिले के राजेन्द्र प्लेस इलाके स्थित रेस्टो एंड बार में रविवार आधी रात लिफ्ट रुकने के कारण इमारत में एक साथ 10 लोग फंस गए। दमकल विभाग और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लगभग चार घंटे की मशक्कत के बाद लिफ्ट को काटकर आज सुबह 6:30 बजे लोगों को लिफ्ट से निकाला।
जानकारी के अनुसार लिफ्ट में ज्यादा लोगों के सवार हो जाने के कारण लिफ्ट ओवरलोड हो गई थी, जिसकी वजह से लिफ्ट फंस गई। लिफ्ट में फंसे लोग इस इमारत में स्थित एक रेस्टोरेंट में पार्टी करने आए थे। लिफ्ट जिस जगह फंसी, वहां 18 से 20 इंच मोटी दीवार थी। हालांकि दमकलकर्मियों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए लिफ्ट में फंसे लोगों का हौसला बनाए रखा और लिफ्ट के ऊपरी हिस्से को सावधानी से काट कर लोगों को निकाल लिया।
दमकल कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात पौने तीन बजे के आसपास राजेंद्र प्लेस से कॉल मिली थी कि कुछ लोग लिफ्ट में फंस गए हैं। इसके बाद मौके पर कनॉट प्लेस और प्रसाद नगर फायर स्टेशन से गाड़ियां भेजी गईं।
टीम जब अंदर पहुंची तो देखा की लिफ्ट दीवार के बीच में फंस गई है। उसके बाद ऊपर से लिफ्ट के गेट को खोला गया और फिर दमकलकर्मी नीचे उतरकर लिफ्ट के ऊपरी हिस्से पर पहुंचे। फिर कटर की मदद से लिफ्ट के ऊपरी हिस्से को काटा गया।


