spot_img

NAVI MUMBAI : ट्रक ड्राइवर के घर चोरी, घर के ताले के साथ तोड़ी कपाट की तिजोरी

पुरुषोत्तम कनौजिया

नवी मुंबई : नवी मुंबई के सीबीडी बेलापुर में एक ट्रक ड्राइवर के घर से चोर तोला तोड़कर हजारों का माल लेकर फरार हो गए। ट्रक ड्राइवर अभी असम गया है इसलिए उसके बेटे ने पुलिस स्टेशन में आकर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। जिसके बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है। पीड़ित लड़के ने बताया कि वह सीबीडी बेलापुर में अपने पिता के साथ रहता है। उसके पिता ट्रक चलाते हैं और वह एक निजी कंपनी में नौकरी करता है । पिछले चार दिनों से उसकी रात्रि की ड्यूटी चल रही है। इसलिए वह 4 नवंबर को अपने घर का ताला बंद कर नौकरी पर चला गया था। दूसरे दिन जब वह वापस अपने घर आया तो उसने देखा कि उसके घर का ताला टूटा हुआ है । घर के अंदर जाकर देखा तो उसके बेडरूम की स्थिति पूरी तरह से अस्तव्यस्त थी। कपाट का ताला टूटा हुआ था। कपाट का बहुत सारा सामान बेड पर पड़ा था । उसे यकीन हो गया कि उसकी गैरमौजूदगी में कोई तो उसके घर में आया था जो घर का सामान चोरी करके ले गया है। जब उसने कपाट के सामान की छानबीन की तो पाया कि उसमें रखे रुपए और सोने के गहने गायब हैं। अपने सारे सामान की छानबीन कर उसने सीबीडी बेलापुर पुलिस स्टेशन में जाकर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया । अब पुलिस उनकी तलाश में जुट गई है हालांकि अब तक किसी का कोई सुराख नहीं लग पाया है।

Explore our articles