
पुरुषोत्तम कनौजिया
नवी मुंबई : नवी मुंबई में दीघा क्षेत्र के पूर्व नगारसेवक नवीन गवते और उनके अन्य साथियों पर पार्टी के ही एक कार्यकर्ता ने धोखाधड़ी और जातिसूचक गालियां देने का मामला रबाले पुलिस स्टेशन में दर्ज करवाया है। शिकायतकर्ता ने बताया है कि वह दीघा क्षेत्र में पिछले कई वर्षों से एक झुग्गी में रह रहा था। कुछ वर्ष पहले आरोपियों ने उसे झांसा दिया कि वो लोग उसकी झुग्गी की जगह पर एक इमारत खड़ी करेंगे और उसकी जगह एक इमारत बनाएंगे, जिसके दो कमरे उसे दिए जाएंगे उसके बाद शिकायतकर्ता ने अपनी जमीन पर इमारत खड़ी करने की मंजूरी दे दी। इमारत खड़ी होने के बाद उसे दो कमरे मिल भी गए। कुछ समय बाद उन कमरों का लाइट बिल उसके नाम पर आने लगा । हालांकि बाद में आरोपियों ने उन कमरों का लाइट बिल दूसरे व्यक्ति के नाम करवा दिया लेकिन उन्हें घर से नहीं निकाला। जब शिकायतकर्ता को ये बात पता चली, तो उसने उनसे सवाल जवाब करना शुरू कर दिया, जिससे उनके बीच काफी झगड़ा हो गया । झगड़े के दौरान आरोपियों ने शिकायतकर्ता को जातिसूचक गालियां देनी शुरू कर दी, इसके बाद उसने रबाले पुलिस स्टेशन में जाकर मामला दर्ज करने की मांग की थी लेकिन उस वक्त पुलिस ने केस दर्ज नहीं किया था। तब जाकर पीड़ित ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। जहां कोर्ट ने उसे राहत देते हुए पुलिस को आरोपियों पर केस दर्ज करने का आदेश दिया, जिसके पश्चात मामला दर्ज हुआ है । शिकायतकर्ता का कहना है कि जब उसने एमआईडीसी और महानगरपालिका में जाकर जांच किया, तो पता चला कि पूरी इमारत बिना अनुमति के गैरकानूनी तरीके से बनाई गई है, लेकिन राजनीतिक दबाव के कारण उसे अब तक तोड़ा नहीं गया है। उसने बताया कि अब ये लोग उसके घर पर कब्जा करने की तैयारी कर रहे हैं। जबकि उस जगह पर उसका अधिकार है।


