नारायणपुर : (Narayanpur) छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ क्षेत्र में आईटीबीपी (भारत-तिब्बत सीमा पुलिस) ने अपनी उपस्थिति और मजबूत करते हुए पदमकोट में आज शनिवार काे नया सुरक्षा कैंप स्थापित किया गया है, जो कोडेलियार, कुटुल और बेदमकोटी के बाद इस क्षेत्र में चौथा कैंप है। यह कदम नक्सल उन्मूलन और बस्तर में शांति बहाल करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
सुरक्षा के साथ विकास को भी बढ़ावा देने के साथ ही घने जंगलों और दुर्गम पहाड़ियों से घिरे पदमकोट में अब तक प्रशासन की सीमित पहुंच थी। इस कैंप की स्थापना से न केवल सुरक्षा मजबूत होगी, बल्कि नक्सली प्रभाव को भी कमजोर किया जा सकेगा। सुरक्षा बलों की मौजूदगी से इस क्षेत्र में स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार जैसी सरकारी योजनाओं को प्रभावी रूप से लागू किया जा सकेगा। सड़क निर्माण और अन्य विकास कार्यों में तेजी आएगी, जिससे स्थानीय ग्रामीणों को भी फायदा होगा। साथ ही, आईटीबीपी के जवान न सिर्फ सुरक्षा देंगे बल्कि मेडिकल सुविधाएं और बुनियादी जरूरतें भी उपलब्ध कराएंगे। इस नए कैंप का उद्घाटन 41वीं वाहिनी के सेनानी नरेंद्र सिंह ने किया। इस दौरान क्षेत्रीय मुख्यालय भुवनेश्वर के डीआईजी राणा युद्धवीर सिंह, नारायणपुर के पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार और कांकेर रेंज के डीआईजी अमित कामले भी मौजूद रहे।


