
नागपुर: (NAGPUR) महाराष्ट्र विधानपरिषद में विपक्ष के नेता अम्बादास दानवे (Council Ambadas Danve) ने कुछ बड़ी परियोजनाओं को भूमि आवंटन में कथित अनियमितताओं को लेकर मंगलवार को राज्य के मंत्रियों अब्दुल्ल सत्तार और उदय सामंत के इस्तीफे की मांग की।विधान भवन परिसर के बाहर पत्रकारों से बातचीत में दानवे ने कहा कि बंबई उच्च न्यायालय ने वाशिम में सार्वजनिक चारागाह के लिए अरक्षित भूमि के आवंटन को लेकर कृषि मंत्री सत्तार को फटकार लगायी और उनसे 50,000 रुपये का जुर्माना भरने को कहा है।
दानवे ने दावा किया कि सत्तार रत्नागिरि और सम्भाजी नगर जिलों में दो अन्य भूखंडों से जुड़े मामलों में संलिप्त हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्तार इस तरह के मामलों में ‘आदतन अपराधी’ हैं।दानवे ने राज्य के उद्योग मंत्री उदय सामंत पर भी कुछ बड़ी परियोजनाओं में अनियमितताएं करने का आरोप लगाया, हालांकि इस संबंध में विस्तार से कुछ नहीं कहा।उन्होंने कहा, ‘‘हम दोनों सदनों (विधानसभा और विधानपरिषद) में इन मंत्रियों के इस्तीफे की मांग करेंगे।’’


