spot_img

Nagpur : भारत ने 3 दिन में जीता नागपुर टेस्ट

अश्विन-जडेजा के आगे ऑस्ट्रेलिया ने किया सरेंडर
नागपुर: (Nagpur)
स्टार आफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन को लेकर आस्ट्रेलियाई टीम का डर आखिरकार सही साबित हुआ और उनके पांच विकेट की मदद से एक ही सत्र में पूरी ऑस्ट्रेलिया टीम को सिर्फ 91 रन पर समेटकर भारत ने पहला क्रिकेट टेस्ट महज तीन दिन के भीतर एक पारी और 132 रन से जीतकर बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी में 1 . 0 की बढत बना ली ।
नागपुर में ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 177 रन बनाए थे। इसके जवाब में भारत ने 400 रन का स्कोर खड़ा किया और 223 रन की बढ़त हासिल की। दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलिया की टीम सिर्फ 91 रन पर सिमट गई और मैच पारी और 132 रन से हार गई।

मैच में क्या हुआ?
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत बेहद खराब रही। दो रन के स्कोर पर दोनों सलामी बल्लेबाज पवेलियन लौट गए। इसके बाद लाबुशेन और स्मिथ ने 82 रन की साझेदारी कर पारी को संभाला, लेकिन जडेजा ने लंच के बाद अपना कहर बरपाया। उन्होंने पांच विकेट लेकर ऑस्ट्रेलिया को बैकफुट पर ढकेल दिया। अश्विन ने भी तीन विकेट लिए और ऑस्ट्रेलिया की टीम 177 रन पर सिमट गई। मार्नस लाबुशेन ने सबसे ज्यादा 49 रन बनाए।

रोहित-राहुल ने पहले विकेट के लिए 76 रन जोड़ दी
भारत ने पहली पारी में शानदार शुरुआत की और रोहित-राहुल ने पहले विकेट के लिए 76 रन जोड़ दिए। इसके बाद लोकेश राहुल 20 रन बनाकर आउट हो गए, लेकिन रोहित एक छोर पर जमे रहे। पुजारा, कोहली और सूर्यकुमार सस्ते में आउट हुए पर रोहित ने भारत को मैच में ऑस्ट्रेलिया से आगे रखा। वह 120 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद रवींद्र जडेजा ने 70 और अक्षर पटेल ने 84 रन की पारी खेली। अंत में शमी ने 37 रन बनाकर भारत को अहम बढ़त दिलाई।

एक सेशन में ही पूरी टीम 32.3 ओवर में 91 रन पर सिमट गई
पहली पारी में भारत को 223 रन की बढ़त मिलने के बाद ऑस्ट्रेलिया की हार लगभग तय हो गई थी और कंगारू टीम ने लड़ने का जज्बा भी नहीं दिखाया। मैच के तीसरे दिन दूसरे सत्र में ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी हुई और एक सेशन में ही पूरी टीम 32.3 ओवर में 91 रन पर सिमट गई। स्टीव स्मिथ एक छोर पर 25 रन बनाकर नाबाद रहे, लेकिन उन्हें किसी का साथ नहीं मिला। 17 रन बनाने वाले लाबुशेन टीम के दूसरे सर्वश्रेष्ठ स्कोरर थे। भारत के लिए अश्विन ने पांच, जडेजा और शमी ने दो-दो विकेट लिए।पहली पारी में 177 रन सिमटने वाली आस्ट्रेलिया की दूसरी पारी की शुरूआत बेहद खराब रही और दूसरे ही ओवर में अश्विन ने उस्मान ख्वाजा (5) को विराट कोहली के हाथों लपकवाकर उसे पहला झटका दिया । लगातार खराब फॉर्म से जूझ रहे डेविड वॉर्नर एक बार फिर नाकाम रहे और अश्विन की गेंद पर पगबाधा आउट हुए । इससे पहले जडेजा ने मार्नस लाबुशेन (17) को पवेलियन भेजा ।

मैट रेनशॉ (2) को अश्विन ने अपना तीसरा शिकार बनाया और अगले ओवर में पीटर हैंडस्कांब (छह) को पवेलियन भेजा। ऑस्ट्रेलिया की आधी टीम 52 के स्कोर पर लौट चुकी थी और मैच का नतीजा आज ही निकलने की संभावना प्रबल हो गई थी । एलेक्स कारी (10)के रूप में अश्विन ने पांचवां विकेट लिया ।इसके बाद से आस्ट्रेलियाई निचले क्रम से किसी चमत्कार की उम्मीद नहीं थी।अब दोनों टीमें 17 फरवरी से दिल्ली में दूसरा टेस्ट खेलेंगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Explore our articles