कहा -समाज के बीच तनाव उत्पन्न न करें
मुंबई : मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बुधवार को कहा कि राज्य सरकार मराठा समाज को टिकाऊ आरक्षण देने के लिए कटिबद्ध है। इसके लिए राज्य सरकार काम कर रही है। मुख्यमंत्री शिंदे ने राज्य की जनता से आरक्षण के नाम पर तनाव पैदा न करने की अपील की है।
मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे बुधवार को नागपुर में पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार मराठा समाज को अलग से आरक्षण देने के लिए काम कर रही है। इसके साथ ही जिन मराठा के पास निजामकालीन दस्तावेज मिल रहे हैं, उन्हें कुनबी जाति का प्रमाणपत्र देने का भी प्रयास किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने पहले ही साफ कर दिया है कि किसी भी तरह से ओबीसी कोटे के आरक्षण को प्रभावित नहीं किया जाएगा। इसके बाद भी कुछ लोग ओबीसी और मराठा समाज के बीच तनाव पैदा करने का प्रयास कर रहे हैं। सरकार की मंशा साफ है, इसलिए सभी को समाज में किसी भी प्रकार का तनाव न हो, इस पर ध्यान देना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी छगन भुजबल से बात हुई है। ओबीसी और मराठा समाज के बीच तनाव उत्पन्न हो इस पर सभी को ध्यान देना चाहिए।
उल्लेखनीय है कि मराठा नेता मनोज जारांगे पाटिल ने महाराष्ट्र में सभी मराठा को आरक्षण देने की मांग की है। जारांगे ने कहा कि वे अपनी मांग पर अटल हैं और इसे लेकर रहेंगे। बुधवार को छगन भुजबल ने कहा कि सभी मराठा अब कुनबी प्रमाणपत्र ले रहे हैं। इसलिए अब सभी मराठा कुनबी हो जाएंगे। महाराष्ट्र में अब मराठा नामशेष हो जाएंगे। इसी तरह अब ओबीसी आयोग मराठा आयोग हो गया है। इस आयोग के लोग अपने पदों से इस्तीफा दे रहे हैं। इसलिए अब मराठा आरक्षण के लिए अलग से काम करने की जरुरत नहीं रह गई है।


