Mumbai : पश्चिम रेलवे के मुंबई सेंट्रल मंडल की ऐतिहासिक उपलब्धि

0
33

मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों में 100% समयपालन
त्योहारी सीजन में रचा इतिहास
मुंबई : (Mumbai)
पश्चिम रेलवे के मुंबई सेंट्रल मंडल (Mumbai Central Division of Western Railway) ने 22 अक्टूबर 2025 को उल्लेखनीय उपलब्धि दर्ज की है। मंडल ने मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों में 100 प्रतिशत समयपालन (punctuality) का इतिहास रचते हुए रेलवे संचालन में एक नया मानक स्थापित किया है। यह उपलब्धि रेलवे की परिचालन दक्षता, अनुशासन और यात्री संतुष्टि के प्रति उसकी दृढ़ प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विनीत अभिषेक (Western Railway Chief Public Relations Officer Vineet Abhishek) ने बताया कि यह सफलता विशेष रूप से महत्वपूर्ण है क्योंकि दीपावली और छठ पूजा जैसे बड़े त्योहारी सीजन में मंडल के नेटवर्क पर बड़ी संख्या में विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं। भारी यातायात, भीड़ और परिचालन दबाव के बावजूद सुनियोजित प्रबंधन, सटीक समन्वय और टीम भावना के दम पर यह उपलब्धि हासिल की गई।

मुंबई सेंट्रल मंडल (Mumbai Central Division) देश के सबसे घनी और जटिल रेल संचालन प्रणालियों में से एक है। यहां प्रतिदिन लगभग 1400 उपनगरीय ट्रेनें और करीब 150 मेल/एक्सप्रेस ट्रेनें 600 किलोमीटर से अधिक लंबे रेलमार्ग पर चलती हैं। इस घनत्व के बावजूद पूर्ण समयपालन प्राप्त करना किसी मील के पत्थर से कम नहीं।

पश्चिम रेलवे ने इस अवसर पर कहा कि यह सफलता उसके सभी कर्मचारियों की निष्ठा, पेशेवर दक्षता और सामूहिक प्रयासों की पहचान है। संस्था ने एक बार फिर यह साबित किया है कि वह अपने यात्रियों को सुरक्षित, समयनिष्ठ और भरोसेमंद सेवाएं प्रदान करने के लिए पूरी तरह समर्पित है।