
मुंबई : थोक बाजार में प्याज का भाव गिरने के बीच महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मंगलवार को विधानसभा में कहा कि उनकी सरकार प्याज की खेती करने वाले किसानों के साथ है। उन्होंने कहा कि यदि जरूरत पड़ी तो सरकार किसानों को वित्तीय मदद मुहैया कराएगी। निचले सदन में शिंदे ने कहा, ‘हम प्याज की खेती करने वाले किसानों के साथ मजबूती के साथ खड़े हैं। भारतीय राष्ट्रीय कृषि सहकारी विपणन संघ (नेफेड) ने प्याज की खरीद शुरू कर दी है जिससे भाव बढ़ेगा।’ नेफेड केंद्र सरकार के तहत एक शीर्ष संगठन है। शिंदे ने बजट सत्र के दूसरे दिन कहा कि उनके अनुरोध पर नेफेड ने प्याज की खरीद बढ़ा दी है और किसानों से 2.38 लाख टन प्याज पहले ही खरीदी जा चुकी है। उन्होंने कहा कि यदि किसी विशेष क्षेत्र में क्रय केंद्र नहीं है, तो वहां इसे किसानों के लिए खोला जाएगा। महाराष्ट्र में एशिया के सबसे बड़े प्याज बाजार ‘लासलगांव कृषि उत्पाद बाजार समिति’ में प्याज का भाव सोमवार को गिरकर प्रति किलोग्राम दो से चार रुपए तक रह गया जिसके कारण नाराज किसानों ने प्याज बेचना बंद कर दिया।


