
मुंबई : (Mumbai) महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले के शासकीय अस्पताल (government hospital) में दो लोगों की हत्या मामले में पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने गुरुवार को दो पुलिस कर्मियों को निलंबित कर दिया है। इस घटना की गहन छानबीन जारी है।
नांदेड़ जिले के पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से आज दी गई जानकारी के अनुसार तीन अप्रैल को अज्ञात बदमाशों ने अस्पताल में इलाज करवा रहे दो लोगों की हत्या कर दी थी। उस समय भाग्यनगर पुलिस स्टेशन के पुलिस सब-इंस्पेक्टर आनंदराव कनीराम राठौड़ और नागेश गणपतराव वाडियार (Police Sub-Inspectors Anandrao Kaniram Rathod and Nagesh Ganpatrao Wadiyar) ड्यूटी पर थे। साथ ही शासकीय अस्पताल में मेस्को कंपनी के सिक्योरिटी गार्ड भी तैनात थे। इस घटना का वीडियो बनाकर अज्ञात व्यक्ति ने सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया था।
नांदेड़ जिले के पुलिस अधीक्षक अविनाश कुमार (Avinash Kumar) ने इस घटना के बाद भाग्यनगर पुलिस स्टेशन के दोनों पुलिसकर्मियों को लापरवाही के लिए शो-कॉज नोटिस भी जारी किया था। साथ ही शासकीय अस्पताल में मेस्को कंपनी के सिक्योरिटी गार्ड के खिलाफ़ एक्शन लेने की कंपनी को रिकमेंडेशन दी गई है। इस मामले में दोनों पुलिस कर्मियों के जवाब को देखने के बाद पुलिस अधीक्षक अविनाश कुमार ने आज तत्काल प्रभाव से लापरवाह दोनों पुलिस कर्मियों को निलंबित कर दिया है।
उल्लेखनीय है कि नांदेड़ में दो गिरोह बाजों के बीच हुई झड़प में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई थी और दो लोग घायल हो गए थे। इन दोनों घायलों को इलाज के लिए नांदेड़ के शासकीय अस्पताल में भर्ती करवाया गया था, लेकिन दूसरे गिरोह के लोगों ने अस्पताल में जाकर इलाज करवा रहे दोनों की हत्या कर दी और फरार हो गए थे । इस मामले में फरार आरोपितों की तलाश जारी है।


